
प्राणनाथ बस स्टैंड पन्ना
पन्ना. रेल सुविधा विहीन पन्ना जिले में मुख्यालय से आवागमन का केंद्र प्राणनाथ बस स्टैंड ही है। शहर के बीचों बीच स्थित यह बस स्टैंड पहले से ही काफी छोटा पड़ रहा है। इसके बाद भी मिनी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इसके जीर्णोद्धार में एक करोड़ से अधिक राशि खर्च की जा रही है। बस स्टैंड में काम कराने के लिए पूरे बस स्टैंड को तलैया फील्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। यहां करीब एक महीने तक बस स्टैंड के सड़क निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य चलने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि पूर्व प्रदेश सरकार द्वारा पन्ना का मिनी स्मार्ट सिटी के तहत विकास किए जाने की बात कही गई थी। मिनी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ही पन्ना के इकलौते बा स्टैंड प्राणनाथ बस स्टैंड का विकास किया जाना है। यहां बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण में 106.04 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। प्राजेक्ट के तहत यात्री प्रतीक्षालय भवन की सफाई, पुताई, बस स्टैंड में सीसी सड़क का निर्माण व टाइल्स लगाना, हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी और बस स्टैंड की पेयजल व्यवस्था दुरस्त की जाएगी। इस काम के बस स्टैंड परिसर में करीब एक माह तक चलने का अनुमान है।
तलैया फील्ड में जुटाई जा रहीं सुविधाएं
प्राणनाथ बस स्टैंड के सड़क बनाने सहित इसके जीर्णोद्धार में एक माह का समय लगने का अनुमान है। इससे बस स्टैंड को तलैया फील्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। रविवार की सुबह से यहां दुकानें पहुंचने लगी थीं। मैदान की सफाई भी कराई जा रही थी, ताकि दुकानदारों को दुकानें लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जा सके। सुबह यहां वार्ड क्रमांक १३ व१४ के मेट अंजनी भार्गव द्वारा सफाई कराई जा रही थी। बताया गया कि आगामी एक-दो दिनों में बस स्टैंड के शिफ्टिंग का काम और भी तेज हो जाएगा।
जीर्णोद्धा में ही करोड़ से ज्यादा खर्च पर सवाल
प्राणनाथ बस स्टैंड कई दशक पूर्व बना था। अब यहां से रवाना होने वाली बसों की संख्या कई गुना बढ़ गई है और शहर की आबादी भी। इस हिसाब से शहर के बीचोंबीच स्थित यह बस स्टैंड काफी छोटा पडऩे लगा है। इसके कारण लंबे समय से बस स्टैंड के लिए अपेक्षाकृत बड़े स्थान की तलाश की मांग की जा रही है। इसके बाद भी इस छोटे से स्थान पर सिर्फ जीर्णोद्धार में एक करोड़ से अधिक खर्च करने पर सवाल उठना तो लाजमी है।
बस स्टैंड में मिनी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत काम होना है। इसकी टूटी हुई सड़क बनाई जानी है। प्रतीक्षालय भवन की पुताई होनी है। इसके साथ ही लाइटिंग और पेयजल संबंधी काम होने हैं। इन कामों में करीब एक माह का समय लगने का अनुमान है।
ओपी दुबे, सीएमओ नपा पन्ना
Published on:
03 Feb 2020 09:55 pm

बड़ी खबरें
View Allपन्ना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
