
भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। चुनाव प्रचार थमने में अब केवल दो दिन का समय बचा है। इसी बीच सोमवार को भरत तिवारी का मामला एक बार फिर चुनावी बहस के केंद्र में आ गया। रविवार को भोजपुरी अभिनेता और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि वह भरत तिवारी की तस्वीर दिखाकर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि भरत तिवारी के परिवार को यह बात पसंद नहीं है और प्रशांत किशोर उनके परिजनों पर बांकीपुर में अपने पक्ष में चुनाव प्रचार करने का दबाव बना रहे हैं।
हालांकि, मनोज तिवारी के इन आरोपों को सोमवार को भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार से किसी ने भी चुनाव प्रचार के लिए संपर्क नहीं किया है। इसके बाद प्रशांत किशोर की टीम ने काशीनाथ तिवारी के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा करना शुरू कर दिया।
भरत तिवारी की पिछले महीने 16 जून को कथित फर्जी पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी। मामले ने तूल पकड़ने के बाद भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में डीएसपी, शाहपुर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी।घटना के करीब 45 दिन बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी भरत तिवारी के परिवार से मिलने पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद परिवार की शिकायत के आधार पर सरकार ने दो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें मुख्यालय से अटैच कर दिया था।
इसी बीच भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने एक निजी न्यूज चैनल से बातचीत में आरोप लगाया था कि प्रशांत किशोर ने एनकाउंटर मामले में न्याय दिलाने के नाम पर भरत तिवारी की मां आशा देवी को अपने प्रभाव में लिया और उनसे बांकीपुर उपचुनाव में अपने पक्ष में प्रचार करने का दबाव बनाया।
मनोज तिवारी के इस दावे के 24 घंटे के भीतर भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार से किसी ने भी चुनाव प्रचार के लिए संपर्क नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पत्नी आशा देवी बेटे की मौत के बाद मानसिक रूप से बेहद व्यथित और तनाव में हैं। जो भी व्यक्ति उन्हें उनके बेटे को न्याय दिलाने का भरोसा देता है, वह उसकी बातों पर विश्वास कर लेती हैं। काशीनाथ तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनाव प्रचार के लिए उन्हें या उनके परिवार को किसी प्रकार का फोन या निमंत्रण नहीं मिला है।
Updated on:
27 Jul 2026 07:23 pm
Published on:
27 Jul 2026 07:20 pm
