विधान परिषद की बैठक भी हंगामे के बीच शुरु तो हुई पर सभापति हारूण रसीद ने सदन की कार्यवाही स्थगित किए बगैर प्रश्नोत्तरकाल चलाया। विपक्ष की नेता राबड़ी देवी की जगह रामचंद्र पूर्वे अपनी सीट पर बैठे रहे और कांग्रेसी सदस्य वेल में आकर नारेबाजी करते रहे। सभापति की ओर से अपनी सीट पर लौट जाने की अपील का इन पर कोई असर नहीं रहा। बैनर लिए कांग्रेसी वेल में आकर तख्तियां लिए नारेबाजी करते रहे। इसी दौरान सभापति ने प्रश्नोत्तरकाल चलाना शुरु दिया। आरजेडी के नेता रामचंद्र पूर्वे ने कांग्रेस सदस्यों पर रविवार को हुए लाठीचार्ज पर कार्यस्थगन प्रस्ताव पेश किया जिसे सभापति यह कहते हुए नामंजूर कर दिया कि पांच दिनों के लिए आयोजित बैठक में अनेक जरूरी कार्य निबटाने हैं। उनका कहना था कि विपक्ष हंगामा छोड़ अपनी सीटों पर जाकर चर्चा करे, सभी की सुनी जाएगी। विपक्ष इसे मानने को तैयार नहीं हुआ और नारेबाजी करता रहा।