
सीएम सम्राट चौधरी शुक्रवार को पैदल सचिवालय जाते। फोटो-पत्रिका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ पैदल ही सचिवालय पहुंचे। इससे पहले गुरुवार को उन्होंने अपने काफिले में वाहनों की संख्या भी कम कर दी थी। मुख्यमंत्री ने इस पहल का वीडियो अपने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वे लोकसेवक आवास से पैदल मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचे। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को अपने आवास से दरभंगा के लिए रवाना हुए थे, जहां उनके काफिले में केवल तीन गाड़ियां शामिल थीं। उन्होंने बिना किसी तामझाम के अपने स्तर पर ईंधन की खपत कम करने की पहल की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एक्स (X) पर पोस्ट साझा कर सभी नेताओं से भी वाहनों का कम से कम उपयोग करने की अपील की थी।
मुख्यमंत्री के अलावा बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश भी पैदल ही अपने आवास से कार्यालय पहुंचे। वहीं, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ई-रिक्शा से सफर करते नजर आए। इस दौरान मंत्रियों के स्टाफ और सुरक्षाकर्मी भी उनके साथ पैदल या ई-रिक्शा से चलते दिखाई दिए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इससे पहले सभी मंत्री, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों से अपील की थी कि वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में अतिरिक्त वाहनों का उपयोग न करें। उन्होंने राज्य की जनता से मेट्रो, बस, ऑटो और अन्य सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग का आग्रह भी किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार के सभी विभागों को निर्देश दिया कि सभी प्रकार की कॉन्फ्रेंस और सरकारी बैठकों का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने सरकारी दफ्तरों की कैंटीन में पाम ऑयल के कम उपयोग का भी निर्देश दिया है। उन्होंने सरकारी और निजी कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को बढ़ावा देने की सलाह दी तथा सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने का भी आग्रह किया।
देशभर में आज से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। 15 मई से प्रति लीटर 3 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद बिहार में पेट्रोल की कीमत 108.67 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 94.65 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
Updated on:
15 May 2026 01:08 pm
Published on:
15 May 2026 12:24 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
