
दरभंगा में लूट के बाद जांच करती पुलिस। फोटो-फेसबुक
बिहार के दरभंगा में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात और लाखों रुपये नकद लूटकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को चार हथियारबंद अपराधी ‘प्रेम ज्वेलर्स’ में घुसे और लूटपाट शुरू कर दी। करीब 20 मिनट के अंदर ही उन्होंने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चार बैग में भर ली और मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपराधी लगभग 2 करोड़ रुपये के जेवर और 20–25 लाख रुपये नकद लूट ले गए। बदमाशों ने दुकान में मौजूद लोगों को भी नहीं छोड़ा। उनके भी सोने की चेन और ग्राहकों के पास मौजूद पैसे भी छीन लिए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय दुकान में मालिक और कर्मचारियों के अलावा दो ग्राहक भी मौजूद थे। अपराधियों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इस लूट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान सभी बदमाशों ने अपना चेहरा ढक रखा था। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान में जुटी है। दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के अनुसार, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है, जो सिटी एसपी के नेतृत्व में काम कर रही है।
दरभंगा का यह बाजार, जहां अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया, सैकड़ों थोक कारोबारों के लिए जाना जाता है। कुछ ही महीने पहले, दिसंबर में, इसी स्थान से महज 50 कदम की दूरी पर हथियारबंद बदमाशों ने चर्चित दगरू सेठ की थोक इकाई ‘अलंकार ज्वेलर्स’ से 11.5 किलो सोना, चांदी और हीरे के आभूषण समेत करोड़ों का माल लूट लिया था और पैदल ही फरार हो गए थे।
उस दौरान अपराधियों ने भागते समय अंधाधुंध फायरिंग भी की थी, लेकिन इस बार बिना फायरिंग के ही उन्होंने बेहद आसानी से वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। गौरतलब है कि घटनास्थल के पास ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का पैतृक आवास भी स्थित है।
Updated on:
04 Apr 2026 07:48 am
Published on:
04 Apr 2026 07:21 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
