9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिहार न्यूजः भोजपुर में रास्ता विवाद में महिला को जबरन पिलाया जहर

- नाजुक स्थिति में चल रहा इलाज - बेटा-बेटी के सामने जेठ-जेठानी ने ही पिलाया जहर

2 min read
Google source verification

पटना

image

Pulakit Sharma

Nov 23, 2023

बिहार न्यूजः महिला का अस्पताल में चल रहा है इलाज

बिहार न्यूजः महिला का अस्पताल में चल रहा है इलाज

Bihar News: आरा(भोजपुर) . बिहार के भोजपुर में महिला को जबरन जहर पिलाने का मामला सामने आया है। उसे जहर उसके जेठ-जेठानी ने रास्ते को लेकर चल रहे विवाद के कारण पिलाया गया। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में पिछले कई दिनों से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को भी विवाद हुआ तो जेठ वीर बहादुर चौधरी और जेठानी सुनीता देवी ने मिलकर देवरानी को जहर पिला दिया। इस दौरान पीड़ित महिला के बेटा अंकित (14) और बेटी प्रिंसी कुमारी (11) मौके पर मौजूद थे। घटना उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कुसुम्हा गांव की है।

Bihar News: घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाने की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंची। यहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित महिला की पहचान कुसुम्हा गांव के रहने वाले सत्यदेव चौधरी की पत्नी रीता देवी (33) के रूप में हुई है। सत्यदेव झारखंड के टाटा में रहकर ट्रक चलाता है। पीड़िता के बेटे अंकित कुमार ने बताया कि बड़े पापा-मम्मी ने मकान के मुख्य दरवाजे पर गेट लगवाए। इस गेट से आने–जाने को लेकर विवाद चल रहा है। पहले भी झगड़ा हुआ था। उस समय भी मां की पिटाई की थी। अंकित ने बताया कि गुरुवार दोपहर उसकी मां फोन पर नाना से बात कर रही थी। मैं स्कूल से घर वापस आया। इसी दौरान बड़े पापा-मम्मी से मेरी मां के बीच कहासुनी हुई। फिर बड़े पापा-मम्मी ने गिलास में जहर घोला और मां को जबरन पिला दिया। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई। उन्होंने कहा कि नाजुक स्थिति में इलाज चल रहा है।

Bihar News: घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। उदवंतनगर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि एक महिला को उसके परिजनों द्वारा जहर पिलाने की सूचना मिली है। महिला को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां इलाज चल रहा है। पीड़ित महिला बेहोश है। होश में आने के बाद उसके बयान पर FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।