
राबड़ी देवी का नया पता- 39, हार्डिंग रोड (फोटो- ANI)
Bihar Politics: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी का पता अब बदल जाएगा। भवन निर्माण विभाग के आदेश के बाद लालू परिवार को अब 20 वर्षों से RJD की राजनीति का केंद्र रहा 10 सर्कुलर रोड (राबड़ी आवास) खाली करना होगा। इसके बदले राबड़ी देवी को नया VIP सरकारी आवास 39 हार्डिंग रोड आवंटित किया गया है। यह बंगला न सिर्फ ज़्यादा बड़ा और आधुनिक बताया जा रहा है, बल्कि सुरक्षा और सुविधा के मामले में भी काफी अलग है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 39 हार्डिंग रोड स्थित इस घर में एक बड़ा कैंपस, बड़े लॉन, बड़े-बड़े गार्डन, गार्ड क्वार्टर, ड्राइवर और स्टाफ क्वार्टर और डेडिकेटेड पार्किंग है। बंगले का इंटीरियर पूरी तरह से रेनोवेट किया हुआ और मॉडर्न है, जिसमें मीटिंग रूम, कॉन्फ्रेंस रूम और ऑफिस स्पेस जैसी डेडिकेटेड जगहें हैं, जो राजनीतिक बैठकों के लिए बेहद अनुकूल मानी जा रही हैं।
इस आवास का मुख्य प्रवेशद्वार चौड़ा और सुरक्षित है, जिसमें CCTV सर्विलांस, इंटेंसिव सिक्योरिटी अरेंजमेंट और 24x7 पुलिस की तैनाती है। इसके अलावा, बंगले के अंदर लाइटिंग और गार्डन खास तौर पर डेवलप किए गए हैं, जिससे VVIP रेजिडेंशियल कैंपस जैसा लगता है।
39 हार्डिंग रोड की सबसे बड़ी खासियत इसका लोकेशन है। यह बंगला बिहार विधानसभा के सामने वाले रोड पर स्थित है। यह बांग्ला सीएम आवास से 800 मीटर और विधानसभा से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है। 39 हार्डिंग रोड से तेजस्वी यादव का सरकारी आवास भी एक पोलो रोड भी करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ही स्थित है। ऐसे में माना जा रहा है कि राजनीतिक संवाद, मीडिया इंटरैक्शन और पार्टी मीटिंग्स के लिए यह जगह पहले से कहीं ज़्यादा सुविधाजनक होगी।
10 सर्कुलर रोड, जहां से लालू-राबड़ी और बाद में तेजस्वी यादव ने राजनीति को संचालित किया, 2006 से RJD का पावर सेंटर रहा। इसी बंगले से टिकट वितरण और चुनावी रणनीति तय होती थी। यहां नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रहती थी। रात-रात भर बैठकें चलती थीं। लेकिन अब यह पता बदलकर 39 हार्डिंग रोड हो जाएगा, जो आगे RJD की नई राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन सकता है। अब सवाल यह है कि 39 हार्डिंग रोड पर शिफ्टिंग कब होगी और पुराने घर को कैसे खाली किया जाएगा।
इससे पहले भी 2005 में लालू परिवार को आवास खाली करने का आदेश मिला था, जब नीतीश कुमार पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। तब CM हाउस 1 अणे मार्ग खाली करवाने को लेकर टकराव की स्थिति भी बनी थी और लालू यादव ने उस नोटिस की भाषा पर आपत्ति जताई थी। 16 जनवरी 2006 को लालू-राबड़ी ने आधिकारिक रूप से 10 सर्कुलर रोड में शिफ्ट किया और तब से यह बंगला RJD का केंद्रीय राजनीतिक पता बना रहा।
Updated on:
26 Nov 2025 12:12 pm
Published on:
26 Nov 2025 12:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
