19 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bihar Politics: संजय झा ने बताया सीएम का अगला बड़ा प्लान, बोले – बिहार को नहीं छोड़ेंगे नीतीश

Bihar Politics: जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार का फोकस बिहार पर रहेगा और वे संसद सत्र के दौरान दिल्ली में रहेंगे। बिहार का अगला सीएम कौन होगा? इसपर उन्होंने बड़ा बयान दिया।

2 min read
Google source verification
JDU sanjay jha on Iran-Israel Conflict

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा (File Photo)

Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भले ही राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हों,लेकिन उनका फोकस बिहार पर ही रहेगा। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में एक नई चर्चा शुरू हो गई है। संजय झा ने आगे कहा कि बिहार चुनाव में “25 से 30 फिर से नीतीश” का नारा दिया गया था, जिससे स्पष्ट है कि उनका ध्यान बिहार पर ही केंद्रित रहेगा। निशांत कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि नई सरकार में वे भी मंत्री बनें, लेकिन इस पर अंतिम फैसला उन्हें ही लेना है।

संसद सत्र के दौरान दिल्ली में रहेंगे

संजय झा ने आगे कहा कि नीतीश कुमार केवल संसद सत्र के दौरान ही दिल्ली में रहेंगे, बाकी समय वे बिहार में ही सक्रिय रहेंगे। मुख्यमंत्री की पहचान एक जमीनी नेता के रूप में रही है। अपने कार्यकाल के दौरान भी वे लगातार यात्राएं करते रहे हैं और लोगों से सीधे संवाद स्थापित करते रहे हैं। इसी वजह से बिहार में विकास कार्यों की निगरानी मजबूत बनी रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए के नेता चाहते हैं कि आगे भी उन्हें नीतीश कुमार का मार्गदर्शन मिलता रहे।

CM चेहरे पर सस्पेंस बरकरार

नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस सवाल पर संजय झा ने कहा कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि अगला मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा या जेडीयू कोटे से। इस पर अंतिम फैसला एनडीए गठबंधन स्तर पर लिया जाएगा। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की तारीफ को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर मंच से स्थानीय नेताओं का हौसला बढ़ाते रहते हैं, इसका कोई अलग अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।

संजय झा ने यह भी स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार अपनी टीम के सदस्यों का मनोबल बढ़ाने के लिए अक्सर इस तरह की बातें करते रहते हैं, जो उनकी पुरानी कार्यशैली का हिस्सा है। उनके इस बयान से साफ है कि बिहार में मुख्यमंत्री कोई भी बने, लेकिन नीतीश कुमार का प्रभाव और भूमिका अभी भी कायम रहेगी।