
बिहार सीएम सम्राट चौधरी (फोटो- Samrat Choudhary X)
Bihar CM Samrat Chaudhary:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राजधानी पटना में अपराधियों और कानून तोड़ने वालों को बेहद कड़े लहजे में चेतावनी दी है। सीएम पटना के मंदिरी नाले पर बनी नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन करने पहुंचे थे। जहां लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने ने स्पष्ट किया कि बिहार में अब सुशासन से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को खुली छूट देने का ऐलान करते हुए कहा कि अगर कोई पुलिस को चुनौती देगा, तो उसे महज 48 घंटे के भीतर जवाब मिल जाएगा।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था पर सरकार का रुख साफ किया। उन्होंने कहा, 'आज बिहार में सुशासन की सरकार है। मैंने पुलिस के हाथ खोल दिए हैं। अब पुलिस को कोई चैलेंज करता है, तो उसे 48 घंटे में जवाब दिया जाएगा। कोई अपराधी बच नहीं सकता।' मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधी चाहे किसी भी जाति या वर्ग का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
अपने भाषण में सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के आशीर्वाद से बिहार आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहा है। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि बिहार में इंडस्ट्री लगाने के लिए सुशासन को और भी बेहतर ढंग से स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी निवेश और इंडस्ट्री लाने के लिए अपराध मुक्त वातावरण बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने पटना वासियों को बड़ी सौगात देते हुए नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला सड़क) का उद्घाटन किया। यह प्रोजेक्ट पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की एक बड़ी उपलब्धि है। यह सड़क नेहरू पथ (बेली रोड) पर तारामंडल से शुरू होकर सीधे जेपी गंगा पथ को जोड़ती है। इस 1289 मीटर लंबी सड़क के बनने से इनकम टैक्स गोलंबर से गंगा पथ जाना आसान हो जाएगा। इससे करीब 3 लाख लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के विधायक रहते हुए यह नितिन नवीन का ड्रीम प्रोजेक्ट था, जिसका शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह पूरा इलाका रेजिडेंशियल से कमर्शियल जोन बनने की ओर अग्रसर है, जिससे स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
Updated on:
11 May 2026 02:28 pm
Published on:
11 May 2026 02:28 pm
