29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

विधायक पद से नितिन नवीन का इस्तीफा टला, अचानक असम रवाना हुए BJP अध्यक्ष

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन आज विधायक पद से इस्तीफा देने वाले थे। लेकिन कुछ जरूरी काम से अचानक उन्हें असम जाना पड़ा। इस वजह से फिलहाल उनका इस्तीफा टल गया है। 

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 29, 2026

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन (फोटो- IANS)

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पटना के बांकीपुर सीट से विधायक नितिन नवीन आज रविवार को MLA पद से इस्तीफा देने वाले थे। लेकिन उनके इस्तीफा कार्यक्रम फिलहाल टल गया है। पहले बताया गया था कि नितिन नवीन आज सुबह 9:00 बजे से 10:00 बजे के बीच अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं, इसी के लिए स्पीकर डॉ प्रेम कुमार खुद दिल्ली से पटना लौटे थे। लेकिन, एक जरूरी काम के चलते नितिन नवीन को अचानक असम के डिब्रूगढ़ जाना पड़ा।

इस्तीफा देने के लिए नितिन नवीन को आना होगा सदन

मीडिया से बात करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा, 'मुझे BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के जरिए जानकारी मिली थी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष आज इस्तीफा देंगे। लेकिन, फिर बाद में मुझे बताया गया कि उनका कार्यक्रम बदल गया है। इस्तीफा देने के लिए आबी समय है और हमें उम्मीद है कि यह प्रक्रिया तय समय के अंदर पूरी हो जाएगी।' यह पूछे जाने पर कि क्या वर्चुअल तरीके से इस्तीफा दिया जा सकता है, तो प्रेम कुमार ने कहा कि नियमों के मुताबिक, इस्तीफा देने के लिए सदस्य का खुद मौजूद रहना जरूरी है, वर्चुअल तरीके से इस्तीफा देने का कोई नियम नहीं है।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बारे में स्पीकर ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए प्रेम कुमार ने कहा, 'मुख्यमंत्री को विधान परिषद (MLC) की अपनी सदस्यता से इस्तीफा देना होगा, जिसे परिषद के सभापति को सौंपा जाना जरूरी है। मेरे पास उनके इस्तीफे के समय के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, लेकिन कहा जा रहा है कि वो 30 मार्च को इस्तीफा दे सकते हैं।"

विधानसभा सीट छोड़ेंगे नितिन नवीन

बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार चुनाव जीतने वाले नितिन नवीन अब राज्य सभा सदस्य के रूप में एक नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। हाल ही में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद, 16 मार्च को वो राज्य सभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। संवैधानिक नियमों के मुताबिक कोई भी व्यक्ति एक समय पर दो सदनों का सदस्य नहीं हो सकता है। ऐसे में नितिन नवीन को अपनी विधायक की सीट खाली करनी होगी।

10 अप्रैल से शुरू होगा संसदीय कार्यकाल

बिहार से राज्य सभा के लिए चुने गए सभी पांचों सदस्य 10 अप्रैल को सांसद के तौर पर शपथ लेंगे। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, भाजपा के शिवेश कुमार और जदयू के रामनाथ ठाकुर शामिल हैं। ये सभी नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगे।