24 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पटना में पहली बार 24 सितंबर को CWC की बैठक, सोनिया-राहुल-खड़गे से बदलेगा बिहार का सियासी समीकरण?

कांग्रेस की पहली बार पटना में 24 सितंबर को होने वाली CWC बैठक बिहार की राजनीति में भूचाल ला सकती है। इस दिन सोनिया, राहुल और खड़गे समेत शीर्ष नेताओं की मौजूदगी होगी।
2 min read
Google source verification
CWC | bihar congress

bihar congress conference (photo- X)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र कांग्रेस ने 24 सितंबर को पटना के सदाकत आश्रम में अपनी पहली एक्सटेंडेड कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक आयोजित करने का ऐलान किया है। यह पहला मौका होगा जब कांग्रेस के शीर्ष नेता जैसे राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेता बिहार में इस स्तर की बैठक के लिए एकत्रित होंगे। इसी संबंध में कांग्रेस ने पटना के सदाकत आश्रम में महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, सीएलपी नेता डॉ. शकील अहमद खान, विधान परिषद में दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा और राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे मौजूद रहे।

भाजपा पर हमलावर हुए राजेश राम

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस ऐतिहासिक बैठक की महत्ता पर जोर देते हुए बताया कि यह आयोजन पार्टी के बिहार में पुनर्निर्माण के लिए बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि यह बैठक कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर रणनीति बनाने और संगठन को नई ऊर्जा देने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा, "सदाकत आश्रम, जहां आजादी की लड़ाई की गूँज थी, अब बिहार के लिए फिर एक बार राजनीतिक सन्देश का केंद्र बनने वाला है।" राजेश राम ने भाजपा सरकार पर कड़ा हमला किया और कहा कि बिहार में जो ‘वोट चोरी’ और ‘बेरहमी पूर्ण सत्तासंघर्ष’ चल रहा है, वह संविधान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि CWC बैठक में इन मुद्दों पर पार्टी एकजुट होकर अपना संदेश जनता तक पहुंचाएगी।

पूर्व विधानसभा सदस्य डॉ. शकील अहमद खान ने कहा कि बिहार ‘गुंडाराज’ के नाम से जाना जाने लगा है और अब ‘वोट चोर गद्दी छोड़, गुंडाराज वापस जाओ’ का नारा आम जन में गूंज रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बैठक में कांग्रेस बिहार की जनता के लिए ठोस समाधान लेकर आएगी।

बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा

कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि देश और बिहार में बेरोजगारी, महंगाई, बढ़ता अपराध और भ्रष्टाचार बड़े गंभीर मुद्दे हैं। उन्होंने मोदी और अमित शाह पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे बिहार में वोट चोरी और चुनाव में धांधली कर रहे हैं। सिंह का कहना था कि छात्राओं पर लाठी चलाना और पेपर लीक जैसी घटनाएं सरकार की असफलताओं को बयां करती हैं। सीट शेयरिंग के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महागठबंधन के सभी दल तालमेल से काम करेंगे और जैसे ही फैसला होगा, इसकी घोषणा मीडिया को की जाएगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के बीच तालमेल है, जबकि एनडीए में नहीं।

राजेश राम, शकील अहमद खान और कृष्णा अल्लावारू ने मिलकर कहा कि कांग्रेस बिहार की जनता के मुद्दों पर दृढ़ता से खड़ी है और CWC बैठक में भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी और महंगाई पर ठोस रणनीति तय की जाएगी। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस 24 सितंबर को होने वाली CWC बैठक से पहले कांग्रेस की तैयारी और माहौल बनाने का अहम हिस्सा है।