13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिहार: कटिहार में NH-31 पर भीषण सड़क हादसा, मजदूरों से भरी बस पलटी; 35 से अधिक घायल, 12 गंभीर

Katihar Bus Accident कटिहार के कोढ़ा में NH-31 पर शनिवार तड़के एक बस पलटने से 35 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार कार को बचाने के दौरान हुआ। 12 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

2 min read
Google source verification
भीषण सड़क हादसा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

भीषण सड़क हादसा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Katihar Bus Accidentबिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के NH-31 पर हुए एक सड़क हादसे में 35 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें 12 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल अधिकांश यात्री मजदूर हैं, जो नवादा से पश्चिम बंगाल जा रहे थे।

यह हादसा शनिवार सुबह करीब तीन बजे जुराबगंज के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार को बचाने के प्रयास में बस चालक संतुलन खो बैठा, जिससे बस हाईवे पर पलट गई।

कार को बचाने में पलटी बस

स्थानीय लोगों के अनुसार, सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री सीटों के नीचे दब गए, जबकि कुछ बस के अंदर फंस गए। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ग्रामीण बने फरिश्ता

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। ग्रामीणों की तत्परता के कारण कई घायलों को समय पर इलाज मिल सका, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। कोढ़ा थाना पुलिस और राहत टीम ने एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में कई लोगों के सिर, छाती, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल 12 से 15 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।