13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोबाइल-चेन स्नैचिंग के बाद ज्वेलर्स पर नजर, जानें पटना की दो नाबालिग छात्राओं का बड़ा क्राइम प्लान

Patna Women Gang  मोबाइल और चेन स्नैचिंग के बाद पटना के दीघा थाना क्षेत्र में स्थित मां वैष्णो ज्वेलर्स में दो नाबालिग लड़कियों द्वारा लूटपाट की कोशिश का मामला सामने आया है।

2 min read
Google source verification
patna crime women gang

सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)

Patna Women Gangपटना में महिला अपराधियों की बढ़ती संख्या पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। हाल के दिनों में अपराध की दुनिया में उनकी सक्रियता तेजी से बढ़ी है। मोबाइल और चेन स्नैचिंग के बाद अब ये लूट और डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश कर रही हैं। इसका एक बानगी शुक्रवार को पटना के दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी पुल के पास स्थित मां वैष्णो ज्वेलर्स में देखने को मिला। यहां दो नाबालिग लड़कियों ने फिल्मी अंदाज में ज्वेलरी दुकान में लूटपाट की कोशिश की। दोनों ने शातिर तरीके से पहले दुकानदार के चेहरे पर नशीला स्प्रे छिड़ककर सोने के गहने लूटने की साजिश रची थी, लेकिन दुकानदार की सूझबूझ के कारण उनका यह प्रयास विफल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही कोचिंग की छात्राएं हैं और प्लस-टू पास कर चुकी हैं।

नशीला स्प्रे छिड़ककर लूट की कोशिश

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को दुकान के मालिक राजेश कुमार एक महिला ग्राहक को गहने दिखा रहे थे। इसी दौरान दोनों लड़कियां ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश कर गईं। दोनों ने दुकानदार राजेश कुमार से सोने के टॉप्स दिखाने को कहा। जैसे ही राजेश ने टॉप्स काउंटर पर रखे, दोनों लड़कियों ने दुकानदार का ध्यान भटकाने के लिए उनसे अंगूठियां दिखाने को कहा। जब दुकानदार अंगूठियां दिखाने के लिए मुड़ा, तभी एक लड़की ने अपने बैग से नशीला स्प्रे निकालकर राजेश के चेहरे पर छिड़क दिया। स्प्रे इतना तेज था कि दुकानदार के साथ-साथ दुकान में मौजूद अन्य ग्राहकों को भी सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति को भांपते हुए दुकानदार किसी अनहोनी की आशंका से तुरंत दुकान से बाहर निकल गया और सुरक्षा के लिहाज से शटर गिरा दिया।

लूट की साजिश फेल, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए नशीले स्प्रे के हमले के बावजूद सबसे पहले सोने के टॉप्स को सुरक्षित किया और फिर काउंटर से छलांग लगाकर दुकान से बाहर निकल गए। बाहर आते ही उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। साथ ही, अपराधियों के भागने से रोकने के लिए उन्होंने दुकान का शटर भी गिरा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

हालांकि, इस अफरातफरी का फायदा उठाकर स्प्रे करने वाली लड़की मौके से फरार हो गई, जबकि उसकी दूसरी साथी दुकान के अंदर ही फंस गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची दीघा पुलिस ने दुकान के अंदर मौजूद लड़की को पकड़ लिया। इसके बाद फरार हुई उसकी दूसरी साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में दोनों लड़कियों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने इस लूट की साजिश रची थी। इनमें से एक लड़की कुर्जी और दूसरी दियारा क्षेत्र की रहने वाली है। गिरफ्तार लड़कियों में से एक के पिता का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए उन्हें किसने उकसाया था।