
sonia gandhi and lalus daughters
(पटना/दिल्ली): राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव की शादी की तैयारियां बड़े उत्साह के साथ की जा रही है। इसी बीच दोस्तों, रिश्तेदारों को आमंत्रित किया जा रहा है। साथ ही बड़ी राजनीतिक हस्तियों को भी शादी का निमंत्रण देने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में लालू प्रसाद यादव की बेटियों राजलक्ष्मी और रागिनी ने सोनिया गांधी के दिल्ली स्थित आवास जाकर उन्हें भी शादी का निमंत्रण पत्र दिया और उनसे शादी में आने का आग्रह किया।
दिल्ली जाकर दिया निमंत्रण ट्वीट कर दी जानकारी
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव की शादी 12 मई को होने वाली है। राजद एमएलए चंद्रिका राय की बेटी एेश्वर्या राय तेजप्रताप की जीवनसंगिनी बनेगी। शादी की तारीख निकट आने के साथ ही तैयारियों को ज्लद से ज्लद पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। कोई भी अतिथि छूट ना जाए इसलिए परिवार का हर एक सदस्य निमंत्रण पत्र बांटने का काम कर रहा है। इसी क्रम में लालू की बेटियों राजलक्ष्मी और रागिनी ने सोनिया गांधी के आवास जाकर उन्हें शादी का निमंत्रण दिया। इस बात की जानकारी राजलक्ष्मी ने ट्वीट कर दी। उन्होंने फोटो शेयर करते हुए लिखा कि सोनिया गांधी से मुलाकात कर उन्हें अपने भाई की शादी में आने के लिए आमंत्रित किया। यह एक शानदार भेंट थी।
इससे पहले बिहार विधानसभा के विपक्ष के नेता और तेजप्रताप के छोटे भाई तेजस्वी यादव ने राज्यपाल महामहिम सत्यपाल मलिक को उनके आवास पर जाकर शादी का कार्ड देकर शादी में आने का आग्रह कहा। तेजप्रताप ने मंगलवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील यादव को उनके आवास पर जाकर शादी में आने के लिए आमंत्रित किया। इस बात की सूचना उन्होंने ट्वीट कर दी। तेज प्रताप ने अपने ट्वीट में लिखा है, 'बिहार के मा. उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी जी को अपने विवाह का निमंत्रण दिया। लाख राजनीतिक और मनुवादी विद्वेष हम पर थोपी जाए, हम बहुजन समाज के लोग कृष्ण के वंशज हैं। हमारा दिल बहुत बड़ा है इसमें सब के लिए जगह है।’ लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा यादव ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर जाकर उन्हें निमंत्रण पत्र दिया और शादी में आने का आग्रह किया।
Published on:
3 May 2018, 3:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.