
पीएम नरेंद्र मोदी (Photo: X/@BJP4India)
PM Modi Bihar Visit प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 दिनों में आज दूसरी बार बिहार आ रहे हैं। पीएम का यह 51वां बिहार दौरा है। अपने इस दौरा में वे पटना-गोरखपुर नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ साथ करीब 5 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। बता दें बिहार में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। महागठबंधन के गढ़ सीवान में पीएम नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर राजनीतिक पंडितों का कहना है कि आस पास के 24 विधानसभा सीटों पर इसका असर पड़ेगा।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पीएम के बिहार दौरा को लेकर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि 20 दिनों में प्रधानमंत्री मोदी का यह दूसरा और साल का पांचवां दौरा है। इससे साफ पता चलता है कि पीएम नरेंद्र मोदी के लिए बिहार कितना महत्वपूर्ण है। इससे पहले,प्रधानमंत्री मोदी 29-30 मई के बिहार दौरा के दौरान पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया था और पटना में एक रोड शो भी किया था। रोहतास जिले में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद 50,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत किया था।
सम्राट चौधरी के अनुसार पीएम आज सीवान में 5,736 करोड़ रुपये की कुल 22 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री 53,666 बेघर लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के तौर पर 51,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी वितरित करेंगे। 6,684 शहरी गरीब परिवारों को उनके नए घरों की चाबी देंगे। प्रधानमंत्री एक नई वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जो पाटलिपुत्र जंक्शन और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बीच चलेगी। अमृत भारत योजना की 11 परियोजनाओं और नमामि गंगे परियोजना की 4 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वैशाली-देवरिया रेलवे लाइन का भी उद्घाटन करेंगे।
सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास मॉडल को बढ़ावा दिया है। विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि NDA अपने शासन के दम पर लोगों का दिल जीतने में सक्षम है। इसलिए हमारे विरोधी घबरा गए हैं। पीएम के 51वें बिहार दौरे पर प्रधानमंत्री का स्वागत करने के बजाय, वे ऐसे बयान जारी कर रहे हैं जिनसे दुर्भावना की बू आती है।
बीजेपी का मानना है कि पीएम की सीवान रैली का 24 विधान सभा पर प्रभाव पड़ेगा। महागठबंधन का ये इलाका एनडीए के लिए एक बड़ी चुनौती है। लेकिन, इस रैली से बीजेपी को उम्मीद है कि सारण और और गोपालगंज की सभी 24 विधानसभा सीटों पर पकड़ मजबूत होगा और एनडीए की राह आसान करेगा।
पीएम मोदी की सीवान की रैली को लेकर जर्मन तकनीक से पांच बड़े पंडाल बनाए गए हैं। कहा जा रहा है कि प्रत्येक एक पंडाल में 60 हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था है। पंडालों में 200 बायो टॉयलेट, गर्मी में प्यास बुझाने के लिए यहां बोरिंग भी की गई है। सारा पंडाल वॉटर प्रूफ होंगे, ताकि बारिश का भी इसपर कोई असर न हो। पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल के चारों तरफ 20 जगहों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पंडाल से 500 मीटर दूरी पर वीआईपी पार्किंग है। जबकि 2 किमी की दूरी पर नॉर्मल पार्किंग है।
Updated on:
20 Jun 2025, 10:54 AM IST
Published on:
20 Jun 2025, 9:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.