
यह सांकेतिक तस्वीर है। (AI Generated)
बिहार के मोतिहारी में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधी मारे गए, जबकि एसटीएफ का एक जवान शहीद हो गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना चकिया थाना क्षेत्र के बुलाचक रामडीह गांव के पास सिहोर्वा गांव की है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी यहां किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की।
इस मुठभेड़ में दो अपराधी मारे गए, जिनकी पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में हुई है। वहीं, स्पेशल टास्क फोर्स के जवान श्री राम यादव इस दौरान शहीद हो गए। दोनों अपराधी चकिया के बुलाचक गांव के निवासी थे। यह घटना सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए दोनों आरोपी कुख्यात अपराधी थे। कुछ दिन पहले ही उन्होंने चकिया थाने के अपर थाना अध्यक्ष गौरव कुमार को फोन पर धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों का लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया था।
इसी क्रम में पुलिस को उनका लोकेशन चकिया थाना क्षेत्र के बुलाचक रामडीह गांव के पास सिहोर्वा गांव में मिला। वहीं, पुलिस को अपने गुप्तचर से यह भी सूचना मिली कि दोनों अपने साथियों के साथ वहां एकत्रित हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए मौके पर पहुंची थी।
पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए, जबकि उनके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस बेलचक, सिहोर्वा और रामडीह गांव में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी और एसपी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद गांव के प्रवेश द्वारों पर आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।
Updated on:
17 Mar 2026 10:34 am
Published on:
17 Mar 2026 10:09 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
