
सम्राट चौधरी
Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की अगले महीने जून में खाली हो रही 9 सीटों में से कम से कम चार सीटें भाजपा के खाते में जाने की संभावना है। इन सीटों पर संभावित प्रत्याशियों के चयन को लेकर सोमवार को बिहार भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में करीब 70 नामों पर चर्चा हुई। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।
हर दो महीने पर होने वाली कोर कमेटी की इस बैठक में विधान परिषद चुनाव के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया गया। हालांकि, किसी भी नाम पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। पार्टी की परंपरा के अनुसार एक सीट के लिए तीन-तीन उम्मीदवारों के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे। अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व के स्तर पर लिया जाएगा।
बिहार विधान परिषद के 9 सदस्यों का कार्यकाल 28 जून को समाप्त हो रहा है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वाली सीट पर उपचुनाव भी होना है। राज्यसभा सांसद बनने के बाद नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।सूत्रों के अनुसार, जदयू इस सीट से निशांत कुमार को उम्मीदवार बना सकती है। यदि निशांत कुमार इस सीट से निर्वाचित होते हैं, तो उनका कार्यकाल वर्ष 2030 तक रहेगा।
एनडीए सूत्रों के अनुसार, बिहार विधान परिषद की 9 सीटों में भाजपा को 4, जदयू को 3 और लोजपा (रामविलास) को 1 सीट मिलने की संभावना है। वहीं, एक सीट विपक्ष के खाते में जा सकती है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा अपने कोटे की चार सीटों में से एक पर उपेंद्र कुशवाहा के बेटे बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेज सकती है। विपक्ष के हिस्से में आने वाली सीट को लेकर तेजस्वी यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की है, जबकि लोजपा (रामविलास) फिलहाल इस मुद्दे पर चुप है। जदयू के हिस्से में आने वाली तीन सीटों को लेकर गुरुवार को बैठक होने वाली है। वहीं, भाजपा की चार सीटों के लिए पार्टी नेताओं ने करीब 60-70 नामों पर मंथन किया है।
Updated on:
19 May 2026 08:34 am
Published on:
19 May 2026 07:46 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
