18 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

100 की स्पीड में आए ट्रक ने ऑटो के उड़ाए परखच्चे, 2 महीने के मासूम सहित 7 की मौत

Road Accident: सोमवार को बिहार के खगड़िया जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे 31 पर लगभग 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही एक बेकाबू ट्रक ने जमकर कहर बरपाया। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गयी। 

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

May 18, 2026

bihar road accident news

हादसे के बाद ऑटो का हाल

Bihar Road Accident: बिहार के खगड़िया जिले में सोमवार को रफ्तार के कहर ने कई बेकसूर लोगों की जान ले ली। करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित ट्रक ने यात्रियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मारी। इस भीषण हादसे में दो महीने के एक नवजात शिशु और महिलाओं समेत 7 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

हादसा खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ठठा गांव के समीप एनएच-31 पर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो अपनी सामान्य गति में था, तभी सामने से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि टक्कर होते ही धमाके जैसी आवाज हुई और पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।

ऑटो के बाद सफारी और पिकअप में भी मारी टक्कर

हादसे के समय मौके पर मौजूद गांव वालों के अनुसार ट्रक की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। ऑटो को रौंदने के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर भागने की फिराक में था, जिसके चक्कर में उसने सड़क किनारे खड़ी एक टाटा सफारी को भी चपेट में लिया और अंत में आगे जा रही एक पिकअप वैन में सीधे जा घुसा। गनीमत रही कि ट्रक पिकअप में जाकर फंस गया, जिससे उसकी रफ्तार थमी वरना ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो जाता। इस हादसे में सफारी और पिकअप के परखच्चे उड़ गए, लेकिन उनमें सवार लोग बाल-बाल बच गए।

सड़क से लेकर झाड़ियों तक बिखरी थीं लाशें

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के खेतों और गांवों से लोग घटना स्थल की ओर दौड़े, लेकिन वहां का नजारा देखकर सबकी आंखें फट गईं। ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक चुका था और वह लोहे का मलबा बन चुका था। दो लोगों के शव ऑटो के मलबे के भीतर ही फंसे हुए थे, तीन शव नेशनल हाईवे की सड़क पर क्षत-विक्षत हालत में बिखरे पड़े थे, जबकि दो लोगों की लाशें सड़क किनारे दूर झाड़ियों में जाकर गिरी थीं। हर तरफ सिर्फ खून ही खून और लाशें नजर आ रही थीं।

दो महीने के नवजात समेत 7 लोगों की मौके पर ही मौत

स्थानीय लोगों ने हिम्मत जुटाकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों में दो महीने का एक बेकसूर नवजात शिशु, एक महिला, एक नाबालिग लड़का और चार पुरुष शामिल हैं। इनमें से कई लोगों के शरीर के आधे से ज्यादा हिस्से ट्रक के पहियों के नीचे आकर कुचल चुके थे, जिससे उनकी शिनाख्त करना भी मुश्किल हो रहा था। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को ग्रामीणों ने किसी तरह गाड़ियों से बाहर निकाला।

घायलों की हालत नाजुक

ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को सूचना दी। मानसी थाना पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी चार गंभीर घायलों को तत्काल खगड़िया सदर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और आंतरिक चोटें अधिक होने के कारण मृतकों की संख्या में अभी और इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने सभी 7 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।