
राजगीर मलमास मेला के थियेटर में डांस करतीं डांसर
Rajgir Malmas Mela: बिहार के राजगीर में मलमास मेला की शुरुआत रविवार 17 मई से हो चुकी है। मेला के पहले दिन ही एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिया हैं। मेले और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए पुलिस बल और सुरक्षाकर्मी अपनी ड्यूटी को ताक पर रखकर थिएटर में भोजपुरी गानों पर हो रहे डांस के मजे लेते पाए गए।
ऐतिहासिक महत्व वाले इस मलमास मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ब्रह्मकुंड परिसर में पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण कर किया था। प्रशासन की ओर से दावा किया गया था कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर अतिरिक्त पुलिस बल, महिला कांस्टेबल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। लेकिन उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद, रविवार की रात को जो नजारा देखने को मिला, उसने मेले की सुरक्षा को भगवान भरोसे साबित कर दिया है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, मेला परिसर में तीन अलग-अलग थिएटर सेटअप लगाए गए हैं, जहां देर रात तक सांस्कृतिक और डांस प्रोग्राम आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार की रात भोजपुरी सिंगर रोशन रोही के एक बेहद चर्चित गाने 'लहंगा उठा के नाचे नागिन जैसन' पर मंच पर डांसर ठुमके लगा रही थीं। इस डांस को देखने के लिए थिएटर के अंदर भारी भीड़ जमा थी। इसी भीड़ पर नजर रखने और सुरक्षा बनाए रखने के बजाय, ऑन-ड्यूटी तैनात कई पुलिसकर्मी और सुरक्षा कर्मचारी थिएटर के अंदर अगली कतारों में कुर्सियां लगाकर आराम से बैठ गए और डांस देखने में मशगूल हो गए।
थिएटर के अंदर सुरक्षा घेरा बनाने के बजाय पुलिसवालों को रंगीन मिजाजी में डूबा देख वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने अपने कैमरे ऑन कर दिए। जैसे ही कैमरों की फ्लैश लाइट जली और वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू हुई, वैसे ही डांस का मजा ले रहे वर्दीधारियों के होश उड़ गए। कैमरे की जद में आने और फंसने के डर से कई पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी अपनी सीटें छोड़कर तुरंत मुंह छुपाते हुए दबे पांव थिएटर से बाहर भागते नजर आए।
Updated on:
18 May 2026 04:19 pm
Published on:
18 May 2026 04:18 pm
