
नाबालिग से रेप, PC- Patrika
बिहार के सीतामढ़ी में पुलिस ने कब्र खोदकर एक नाबालिग लड़की का शव बाहर निकाला है। दरअसल, बेलसंड थाना क्षेत्र के पताही पंचायत स्थित भोरहा टोला घुसुकपुर गांव की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया था। मां की शिकायत के बाद पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
सीतामढ़ी पुलिस के अनुसार, भोरहा टोला घुसुकपुर गांव निवासी आसमीन खातून ने आवेदन देकर आरोप लगाया है कि मो. भांगर शेख, मो. रियाज, गुलाब दर्जी, अली दर्जी, फिरोज दर्जी, मायरा खातून समेत कई अन्य लोगों ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ जबरन दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति इब्राहिम शेख और पुत्र इमरान मुंबई में मजदूरी करते हैं। तीन अप्रैल को वह गेहूं की दौनी कराने सुंदरपुर गई थी और उसकी बेटी घर में अकेली थी। महिला के अनुसार, काम से लौटने पर उसने देखा कि उसकी बेटी घुटनों के बल पड़ी हुई थी और उसके गले में दुपट्टा लिपटा था। उसने जब शोर मचाने की कोशिश की, तो आसपास के लोगों ने उसे चुप करा दिया। आरोप है कि बाद में उसकी मर्जी के बिना ही बेटी के शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
महिला ने आरोप लगाया कि मो. रियाज उसकी बेटी से निकाह करना चाहता था और स्कूल आने-जाने के दौरान उसे परेशान भी करता था। हालांकि, संकोच की वजह से उसकी बेटी ने कभी इस बारे में खुलकर कुछ नहीं बताया। महिला के अनुसार, घटना के बाद उसकी भांजी ने पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही आरोपी के परिजनों से भी उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
Updated on:
25 May 2026 12:56 pm
Published on:
25 May 2026 12:05 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
