27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिहार में टेंडर खेल? ठेकेदार के घर मिले हीरे-सोने के भंडार, SVU का टेंडर घोटाले में बड़ा एक्शन

बिहार के सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर टेंडर प्रक्रिया में कथित हेराफेरी करने की शिकायत पर विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने चर्चित ठेकेदार रिशु श्री के ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये के हीरे, सोने और चांदी के जेवरात जब्त किए हैं।

2 min read
Google source verification
svu raid on contractor rishu shree

सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)

बिहार विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बुधवार को पटना में चर्चित और विवादों में रहे ठेकेदार रिशु श्री के ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में हीरे, सोने और चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। इसके अलावा ठेकेदार के घर से नोटों के बंडल भी बरामद हुए हैं।

रिशु श्री के खिलाफ दर्ज गंभीर मामले के बाद विशेष निगरानी इकाई ने यह कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, ठेकेदार पर सरकारी टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी कर अपनी कंपनी को गलत तरीके से बड़ा मुनाफा पहुंचाने का आरोप है। इससे सरकार को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात कही जा रही है।

घर से भारी जेवरात और नकदी बरामद

ठेकेदार रिशु श्री के खिलाफ पिछले वर्ष 30 अप्रैल को विशेष निगरानी इकाई (SVU) में मामला दर्ज किया गया था। लगभग एक माह बाद जांच पूरी होने के बाद SVU की टीम ने पटना के मीठापुर स्थित उनके आवास पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान जब टीम सुबह-सुबह पहुंची तो इलाके में हड़कंप मच गया। अब तक की कार्रवाई में भारी मात्रा में हीरे, सोने और चांदी के कीमती जेवरात तथा नोटों के बंडल बरामद किए गए हैं।

मौके से मिले दस्तावेजों से संकेत मिलता है कि सरकारी टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी कर उनकी कंपनी को फर्जी तरीके से भारी मुनाफा पहुंचाया गया, जिससे सरकार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल SVU की टीम बरामद नकदी और आभूषणों का मिलान और जांच कर रही है।

टेंडर घोटाले और SVU जांच में नए खुलासे

निगरानी विभाग के सूत्रों के अनुसार ठेकेदार रिशु श्री पर आरोप है कि उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी की। प्रारंभिक जांच में इससे जुड़े कुछ साक्ष्य भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर यह संकेत मिलता है कि निविदा प्रक्रिया में अनियमितताओं के जरिए उन्होंने आर्थिक लाभ लेने का प्रयास किया।

इससे पहले इस मामले की जांच ईडी द्वारा भी की गई थी, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आगे की कार्रवाई शुरू की है।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कागजात भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। निगरानी विभाग के अधिकारी अलग-अलग टीमों के माध्यम से विभिन्न बिंदुओं पर साक्ष्यों की गहन जांच कर रहे हैं।