
तेज प्रताप यादव (Photo- IANS)
Bihar Politics आरजेडी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। तेज प्रताप के एक्शन से यह साफ हो गया है। हाल के दिनों की तीन घटनाक्रम ने राजनीतक तापमान बढ़ा दिया है। यह तीनों के तार लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव से जुड़े हैं। तेज प्रताप यादव की ओर से शुक्रवार को सोशल साइट से अपने परिवार और बहनों को अनफॉलो करने के बाद इस बात की चर्चा और तेज हो गई है। तेज प्रताप यादव के इस फैसले के बाद राजनीतिक पंडितों का कहना है कि तेज प्रताप का यह परिवार पर प्रेशर पॉलटिक्स या फिर परिवार में ‘गृहयुद्ध’ चल रहा है। लेकिन इतना पक्का है कि आरजेडी परिवार में सब कुछ ठीक नहीं है। पार्टी इन दिनों परिवार और सत्ता पक्ष से एक साथ लड़ रही है। बिहार विधानसभा चुनाव में इसका सीधा असर दिखेगा।
तेजप्रताप यादव बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए अपने सपने का जिक्र किया है। सपने की चर्चा करते हुए तेजप्रताप यादव ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें भारतीय जनता पार्टी में आने का ऑफर दे रहे हैं, तेजप्रताप सपने में ही उसे ठुकरा भी रहे हैं। पीएम के इस ऑफर पर तेज प्रताप जवाब देते हैं कि मेरे पास अपनी पार्टी है, आप ही हमारी पार्टी से जुड़ जाइए। इस बीच तेज प्रताप यादव ने लिखा- सत्ता के लिए सपने बेचने वाले बहुत हैं, हम वो हैं जो सपने में भी विचार नहीं बेचते।
दरअसल, बुधवार को तेजप्रताप और बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के बीच विधानसभा में बातचीत का वीडियो सामने आया था। तेजप्रताप ने विधानसभा के गेट पर विजय सिन्हा को हाथ जोड़कर प्रणाम करते दिखे थे। जवाब में डिप्टी सीएम ने न सिर्फ मुस्कान के साथ उनका अभिवादन स्वीकार किया, बल्कि उनकी पीठ भी थपथपाई थी। यह दृश्य उस दिन सामने आया, जब सदन के अंदर आरोप-प्रत्यारोप, तीखी बहस और तकरार ने माहौल गरमा दिया था। तेजप्रताप के छोटे भाई तेजस्वी यादव ने सदन के अंदर दोनों डिप्टी सीएम पर तीखा तंज कसा था।
इस घटनाक्रम के अगले दिन गुरूवार (24 जुलाई) को तेज प्रताप यादव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि पार्टी में तेज प्रताप यादव का कोई अस्तित्व नहीं है। लालू प्रसाद यादव ने 6 सालों के लिए उन्हें पार्टी से निकाल दिया है राजद में तेजस्वी यादव के सामने किसी की कोई औकात नहीं है, किसी का कोई अस्तित्व नहीं है। आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष 'तेज प्रताप यादव ने कहा है कि अगर पार्टी ने महुआ से टिकट नहीं दिया तो हम पार्टी को हरा देंगे' सवाल पर कहा कि जब चुनाव आएगा, तब देखेंगे। जो हमारी पार्टी में नहीं है, उसके बारे में क्या कह सकते हैं? जब उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया है तो पार्टी कैसे टिकट देगी? मंगनी लाल मंडल गुरुवार को जमुई में आयोजित अति पिछड़ा सम्मेलन सह सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ये बातें कही।
आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के बयान के अगले दिन शुक्रवार को तेजप्रताप यादव सोशल मीडिया पर ‘गृहयुद्ध’ का आगाज करते हुए पार्टी और परिवार के 19 में से 16 लोगों को अनफॉलो कर दिया। इनमें बड़ी बहन मीसा भारती, हेमा यादव और राजलक्ष्मी यादव भी शामिल हैं। उनके इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो तेज प्रताप यादव द्वारा उठाया गया इस कदम को राजद परिवार में चल रही अंदरूनी कलह के रुप में देख रहे हैं। तेज प्रताप यादव द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जिस तरीके से ताजा कदम उठाया गया है, उसने बिहार की राजनीति में भूचाल ला दिया है। वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक इसे तेजप्रताप यादव के गुरुवार के पीएम के सपने वाले पोस्ट से जोड़कर देख रहे हैं।
Updated on:
25 Jul 2025, 6:22 PM IST
Published on:
25 Jul 2025, 6:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.