20 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

FIR के बाद तेजप्रताप का पलटवार, आकाश यादव पर हत्या की साजिश, धमकी और घर में घुसने का दर्ज किया केस

तेजप्रताप यादव ने शुक्रवार देर रात पटना के सचिवालय थाने में आकाश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आकाश पर जान से मारने की धमकी देने और साजिश रचने का आरोप लगाया है।

2 min read
Google source verification
tejpratap yadav

तेज प्रताप यादव (फाइल फोटो)

तेजप्रताप यादव ने शुक्रवार देर रात पटना के सचिवालय थाने में अपनी कथित गर्लफ्रेंड के भाई आकाश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आकाश यादव पर जान से मारने की साजिश रचने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। तेजप्रताप ने थाना परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आकाश की ओर से उन पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और वह शुरू से ही उनकी छवि को खराब करने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं है और ऐसे में उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। तेजप्रताप का आरोप है कि आकाश यादव उनके विरोधियों के साथ मिलकर उनके और उनके परिवार के खिलाफ साजिश रच रहा है।

एफआईआर में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि उनके प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कुछ लोग उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि उनके समर्थकों की नजर पड़ते ही वे लोग भाग गए। तेजप्रताप यादव ने सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है। गौरतलब है कि राबड़ी देवी समेत लालू परिवार के कई सदस्यों ने हाल ही में अपनी सरकारी सुरक्षा वापस कर दी थी।

तेज प्रताप–आकाश यादव विवाद में नया मोड़, FIR दर्ज

अदालत के आदेश पर आकाश यादव ने पाटलिपुत्र थाने में दर्ज मामले में तेज प्रताप यादव और उनके सहयोगी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आकाश यादव के अनुसार, 6 जून को जब वह खाटूश्याम यात्रा पर गए हुए थे, उस दौरान तेज प्रताप यादव अपने सहयोगी मोतीलाल यादव के साथ उनके पाटलिपुत्र स्थित आवास पर पहुंचे और जबरन घर में घुसने की कोशिश करते हुए परिवार को धमकी दी। आकाश यादव का यह भी कहना है कि इसके बाद उनके फोन पर मोतीलाल यादव का कॉल आया, जिसमें तेज प्रताप यादव ने भी बात की। कुछ समय बाद एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए तेज प्रताप यादव के खिलाफ कुछ भी बोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

विधि-व्यवस्था एसडीपीओ-2 दिव्यांजली जायसवाल ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आकाश यादव द्वारा प्रस्तुत कॉल रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।