
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
भारत की थोक ऑटोमोबाइल बिक्री अगस्त 2026 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है। इसकी बड़ी वजह पिछले साल अगस्त 2025 में जीएसटी 2.0 लागू होने से पहले का छोटा आधार और मौजूदा समय की मजबूत मांग बताई जा रही है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) ने मंगलवार को जारी अपने आंकड़ों में बताया कि अगस्त 2026 में यात्री वाहनों (PV), तिपहिया वाहनों और दोपहिया वाहनों की बिक्री इस महीने के लिहाज से अब तक की सबसे ऊंची स्तर पर पहुंच गई है।
SIAM के मुताबिक अगस्त 2026 में यात्री वाहनों की कुल घरेलू बिक्री 4,39,309 यूनिट रही, जो पिछले साल अगस्त 2025 के 3,21,901 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 36.5 प्रतिशत ज्यादा है। तिपहिया वाहनों की बिक्री 22.8 प्रतिशत बढ़कर 93,764 यूनिट पर पहुंच गई, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 76,324 यूनिट था। दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 10.5 प्रतिशत बढ़कर 20,34,698 यूनिट हो गई, जो अगस्त 2025 में 18,41,954 यूनिट थी।
तिपहिया वाहनों के भीतर भी अलग-अलग रुझान देखने को मिले। पैसेंजर कैरियर श्रेणी की बिक्री 22.4 प्रतिशत बढ़कर 78,680 यूनिट रही (पिछले साल 64,294 यूनिट), जबकि गुड्स कैरियर की बिक्री 34.9 प्रतिशत बढ़कर 13,320 यूनिट पर पहुंच गई।
हालांकि ई-रिक्शा की बिक्री 6 प्रतिशत घटकर 1,264 यूनिट और ई-कार्ट की बिक्री 38.3 प्रतिशत गिरकर सिर्फ 500 यूनिट रह गई। दोपहिया वाहनों में स्कूटर की बिक्री सबसे तेज रफ्तार से बढ़ी है। यह 23.8 प्रतिशत उछलकर 8,55,715 यूनिट तक पहुंची, जबकि बाइक की बिक्री अपेक्षाकृत धीमी रफ्तार से 2.4 प्रतिशत बढ़कर 11,33,047 यूनिट रही।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा कि यात्री वाहन, तिपहिया और दोपहिया वाहन तीनों श्रेणियों ने अगस्त 2026 में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की है। उन्होंने कहा कि भारत का ऑटोमोबाइल उद्योग जबरदस्त ग्रोथ के दौर से गुजर रहा है।
हालांकि इस ग्रोथ को पिछले साल के कम आधार का भी सहारा मिला है। मेनन के मुताबिक मांग का माहौल बुनियादी तौर पर मजबूत बना हुआ है। ग्राहकों का मजबूत भरोसा, ग्रामीण बाजारों की मजबूती और बेहतर होती फाइनेंसिंग सुविधाएं सभी कैटेगरी में मांग को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले त्योहारी सीजन में मांग को और बढ़ावा मिलेगा, जिससे वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजे बेहतर रहने की संभावना है। सियाम के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में यात्री वाहनों, तिपहिया वाहनों, दोपहिया वाहनों और क्वाड्रीसाइकिल का कुल उत्पादन 31,57,822 यूनिट रहा।
अगस्त से ठीक पहले जुलाई 2026 में भी भारत के ऑटोमोबाइल उद्योग ने अब तक का सबसे अच्छा बिक्री प्रदर्शन दर्ज किया था, जिसमें यात्री वाहनों, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की सप्लाई में दो अंकों की जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली थी। सियाम के आंकड़ों के मुताबिक, निर्माताओं से डीलरों को होने वाली घरेलू यात्री वाहनों की आपूर्ति जुलाई 2025 के 3,40,772 यूनिट के मुकाबले 34.3 प्रतिशत बढ़कर जुलाई 2026 में 4,57,810 यूनिट हो गई थी।
इसी तरह दोपहिया वाहनों की बिक्री एक साल पहले के 15,69,120 यूनिट से 22.6 प्रतिशत बढ़कर 19,23,483 यूनिट हो गई थी, जबकि तिपहिया वाहनों की आपूर्ति जुलाई 2025 के 69,403 यूनिट से 33.4 प्रतिशत बढ़कर 92,560 यूनिट तक पहुंच गई थी।
लगातार दो महीनों जुलाई और अगस्त 2026 में दर्ज हुई यह रिकॉर्ड बिक्री भारतीय ऑटो उद्योग में मजबूत रिकवरी और आगामी त्योहारी सीजन को लेकर बाजार के भरोसे को दिखाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ग्रामीण मांग और फाइनेंसिंग की स्थितियां ऐसी ही बनी रहीं, तो सितंबर-अक्टूबर के त्योहारी महीनों में बिक्री के आंकड़े और मजबूत हो सकते हैं।
Updated on:
15 Sept 2026 05:43 pm
Published on:
15 Sept 2026 05:43 pm
