
राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी जयपुर में आसमान से बरस रही तेज बूंदों से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग ने आज 29 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें बांसवाड़ा, उदयपुर और प्रतापगढ़ जिलों में अतिभारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 29 अगस्त तक राजस्थान में मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में सवाई माधोपुर, टोंक, कोटा और भीलवाड़ा में तेज बारिश का दौर जारी है। सवाई माधोपुर शहर के कई इलाके डूबने से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। सवाई माधोपुर में बारिश के कारण स्कूलों में छुटिटयां कर दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी भागों में आगामी तीन-चार दिनों में कहीं-कहीं भारी, अति भारी बारिश जारी रहने तथा शेष भागों में ज्यादातर स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

पूरे देश में सर्वाधिक बारिश का रेकॉर्ड राजस्थान में दर्ज किया गया है। इस सीजन में सबसे ज्यादा बारिश 73 प्रतिशत बारिश राजस्थान में हुई है। अन्य राज्यों में राजस्थान की तुलना में कम बारिश हुई है।