
राजधानी जयपुर में नगर निगम ग्रेटर की ओर से आज तिरंगा मैराथन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान जयपुर सांसद मंजू शर्मा, मेयर डॉ सौम्या गुर्जर व अन्य मौजूद रहे। नगर निगम ग्रेटर की ओर से आयोजित मैराथन में छुट्टी के बावजूद स्कूली बच्चों समेत सैकड़ों की संख्या में लाेगों ने भाग लिया।

राथन की शुरुआत सुबह 6.30 बजे हुई। इसमें तीन अलग-अलग कैटेगरी रखी गई। पहली कैटेगरी में 21 किलोमीटर के मैराथन का आयोजन हुआ। इसे सुबह 5 बजे रवाना किया गया। दूसरी 10 किमी और तीसरी 5 किमी की कैटेगरी रखी गई। मैराथन अलबर्ट हॉल के बाहर जेएलएन मार्ग से शुरू होकर जवाहर सर्किल होते हुए उसी जगह पर आकर संपन्न हुई।

मैराथन में सीएम भजनलाल शर्मा तिरंगा झंडा लेकर आगे-आगे चले। मैराथन के बाद सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इसमें वर्ल्ड रेकॉर्ड होल्डर एंकर अंकित खंडेलवाल और नगर निगम ग्रेटर के डिप्टी कमिश्नर ने सभी को जयपुर को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। बता दें कि हर घर तिरंगा अभियान प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारत माता की जय के जयकारे लगवाए। बारिश के बीच कार्यक्रम में आने पर सभी का आभार जताया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना जगाता है। हमें इस तरह के कार्यक्रमों मे बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी आजादी का प्रतीक है। इसके लिए वीर महापुरुषों ने बलिदान दिए है। आज भी हमलोग इसके लिए जान देने को तैयार रहते हैं। मैं सभी से अपील करती हूं कि देश का हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा लगाकर आजादी का जश्न मनाए।

नगर निगम ग्रेटर जयपुर की महापौर सौम्या गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान आरम्भ किया है। यह समस्त देशवासियों को एक करने का प्रयास है। इससे करोड़ों देशवासी जुड़ चुके है। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है।