
जोधपुर स्थित उम्मेद भवन पैलेस रविवार को बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अमरीकी सिंगर गीतकार निक जोनस के हिन्दू रीति रिवाजों के अनुसार शाही तरीके से हुए विवाह समारोह का साक्षी बन गया।

विश्व के 50 प्रमुख महलों में एक उम्मेद भवन के चप्पे-चप्पे पर रंगबिरंगे फूलों की महक व इन्द्रधनुषी रोशनी के बीच हाथी पर सवार दूल्हे निक की बारात में शामिल देसी विदेशी मेहमान थिरक उठे। बारादरी पहुंचने के बाद दूल्हे निक ने तोरण मारने की रस्म पूरी की।

दूधिया रोशनी से नहाए और आकर्षक फूलों से सजे उम्मेद भवन बारादरी परिसर के संगमरमर के मंडप में पाली जिले के राणावास निवासी पं. चन्द्रशेखर के आचार्यत्व में पंडितों के सामूहिक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रियंका व निक के पाणिग्रहण संस्कार की रस्में पूरी की।

विवाह वेदी पर पंडितों के धार्मिक रस्मों रिवाज के निर्देश जानने के लिए एक दुभाषिया भी मौजूद रहा। भारतीय परम्परानुसार निक के साथ पाणिग्रहण संस्कार पूर्ण होते ही मिसेज प्रियंका जोनस श्रीमती निक जोनस बन गई।

शाही बारात में विशेष बारातियों के लिए विन्टेज कारों को भी शामिल किया गया। करीब 26 एकड़ क्षेत्रफल में फैले मारवाड़ के ताज के रूप में विश्वविख्यात उम्मेद भवन पैलेस के मध्य 150 फीट ऊंचे केन्द्रीय गुम्बद पर छाई इन्द्रधनुषी रोशनी वेडिंग सेरेमनी में चार चांद लगा रही थी। रंग-बिरंगे फूलों की महक सर्द आबोहवा में ठंडक घोल रही थी।

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अमरीकी सिंगर गीतकार निक जोनस के वेडिंग सेरेमनी की तस्वीरें रविवार को सोशल मीडिया में छाई रही।

दूल्हा-दुल्हन के क्रिकेट खेलने, मंच पर परिजनों के साथ डांस करने, मुकेश-नीता अंबानी परिवार सदस्यों के साथ कई तस्वीरें सोशल मीडिया में छाई रही।

जोधपुर के उम्मेद भवन में 29 नवम्बर को मेहंदी की रस्म के साथ शुरू हुआ प्रियंका-निक वेडिंग सेरेमनी का समापन सोमवार सुबह दुल्हन की विदाई समारोह से होगा।

चार दिवसीय समारोह में कुल 30 अलग-अलग फंक्शन आयोजित किए गए जिसमें मेहंदी व हल्दी की रस्म, महिला संगीत, क्रिश्चियन रीति रिवाज से विवाह, हिन्दू रीति से विवाह, पंजाबी विवाह की रस्में, लाइट एण्ड साउंड प्रोग्राम, प्रियंका के विश्व सुंदरी का ताज पहनने की वर्षगांठ सहित कई कार्यक्रम शामिल हैं।