#JKLawnHospital :अस्पताल के हाल बेहाल, हॉल में तीमारदारों का बसेरा तो बच्चों के प्ले जोन में गंदगी का
कोटा. इन दिनों गर्मी सितम ढा रही है और जेके लोन अस्पताल में की अव्यवस्थाएं मरीज व तीमारदारों पर गजब ढा रही हैं। चिकित्सा विभाग की अनदेखी रोगियों व रोगियों के परिजनों पर भारी पड़ रही हैं। गुरुवार को बड़ी संया में तीमारदार अस्पताल परिसर में लगे विशाल पेड़ के नीचे जमा दिखे। लोगों ने बताया कि अस्पताल में तीमारदारों के लिए कोई प्रबंध नहीं। अस्पताल के बाहर परिसर में टेंट का छाया का प्रबंध किया गया है। कुछ लोग धूप व गर्म हवाओं के बीच तंबू में लेटे हुए नजर आए। अस्पताल भवन के पास कुछ मटकियां दिखी, लेकिन छांव नहीं होने के कारण लोगों को गर्म पानी ही मिला। अस्पताल के अंदर भीतर भी अवव्यस्थाओं का अंबार नजर आया। गैलेरी में काउंटर के सामने बड़ी संया में तीमारदार जमा थे, लेकिन यहां लगे अधिकांश पंखे बंद थे। लोगों ने बताया कि जैसे तैसे समय काट रहे हैं, कोई ध्यान देने वाला नहीं है।
गंदगी में विश्राम
परिसर में बने प्ले- जोन में परिजन गंदगी व अव्यवस्थाओं के बीच परेशान नजर आए। यहां वाटर कूलर के चारों तरफ गंदगी नजर आई। प्ले जोन के एक कोने में भी काफी गंदगी नजर आई। प्ले जोन में बच्चों को आकर्षित करने वाली चित्रकारी की रंगत फीकी पड़ गई है। झूले क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ झूले छ्ज्जों पर कबाड़ के रूप में पड़े नजर आए। गत वर्ष इस प्ले जोन का उद्घाटन किया गया था।