कोटा. भगवान परशुराम के प्राकट्योत्सव तहत शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। समाज के विभिन्न संगठनों ने भागीदारी निभाते हुए एकता का संदेश दिया। पूरा क्षेत्र भगवान परशुराम के जयकारों से गूंज उठा। बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं में उत्साह, उमंग, भक्ति और समर्पण का भाव देखने को मिला। धार्मिक, सामाजिक और संदेशात्मक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान परशुराम राधा-कृष्ण, राम_दरबार, ब्राह्मण ऋषियों तथा भगवान गणेश की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झालावाड़ की बिंदोरी, उज्जैन के ढोल-ताशे व झांझ, फाग चंग पार्टी, अखाड़े और कच्छी घोड़ी नृत्य सहित विभिन्न कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। बटुक मंत्रोच्चार करते हुए हवन करते हुए आगे बढ़ रहे थे।