
दुर्घटना के बाद सड़क पर खड़ा ट्रेलर। फोटो पत्रिका नेटवर्क
कोटा। कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक से गिरने के बाद महिला ट्रेलर के पहियों की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रानपुर थानाधिकारी भीमसिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे मोड़क निवासी मोहसिन पत्नी रहनुमा (26) के साथ बाइक से कोटा चिकित्सक को दिखाने आ रहा था। उसकी पत्नी गर्भवती थी।
रास्ते में झालावाड़ रोड पर रानपुर थाना क्षेत्र में पत्थरों से भरे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में रहनुमा सड़क पर गिर गई और ट्रेलर उसे करीब 20 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद ट्रेलर के पिछले पहियों से कुचल जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है तथा उसकी तलाश शुरू कर दी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मोहसिन ने बताया कि वह नीमच में सोलर संयंत्र लगाने का काम करता है। शादी के छह साल बाद कुछ दिन पहले पहली बार उसकी पत्नी की प्रेग्नेंसी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इससे परिवार में खुशियों का माहौल था। वह पत्नी को चिकित्सक को दिखाने के लिए गुरुवार रात ही छुट्टी लेकर मोड़क आया था। शुक्रवार सुबह दोनों बाइक से कोटा आ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। इस दुर्घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
मोहसिन ने बताया कि वह ट्रेलर के पीछे चल रहा था। इसी दौरान उसने ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। आरोप है कि तभी ट्रेलर चालक ने अचानक वाहन का स्टेयरिंग घुमा दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में उसकी पत्नी ट्रेलर के पहियों की चपेट में आ गई। दुर्घटना में मोहसिन को भी चोटें आई हैं।
मोहसिन के अनुसार, घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान वह डिवाइडर पर बैठकर बिलखता रहा। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
Published on:
05 Jun 2026 06:55 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
