
UP Weather: यूपी में सप्ताह भर से धरती तप रही है। आसमान से अंगारे बरस रहे हैं। इंसानों के साथ जानवरों का भी बुरा हाल है। मौसम विभाग ने अब बारिश को लेकर नया अलर्ट जारी किया है।

सप्ताह भर से धरती तप रही है। आसमान से अंगारे बरस रहे हैं, बारिश का अता-पता नहीं है। हर किसी का हाल बेहाल है। थोड़ी सी लापरवाही से इस भीषण गर्मी में लोग बीमार भी खूब हो रहे हैं। लेकिन, अगर पहनावे, खानपान में थोड़ी सी सावधानी बरतें तो गर्मी से बच सकते हैं।

अस्पतालों में समय ज्यादातर मरीज उल्टी-दस्त, बुखार और आंखों में एलर्जी के आ रहे हैं। हीट स्ट्रोक के भी केस बढ़े हैं। खानपान में सुधार लाएं। तली-भुनी न खाएं, हरी सब्जियों और सलाद को खाने में शामिल करें। पेय पदार्थ ज्यादा लें और फैशन की जगह शरीर को ढक कर निकलें तो बहुत कुछ राहत मिल सकती है। डाक्टर भी यही सलाह दे रहे हैं।

फिजिशयन डॉ गौरव पांडेय ने कहा कि जब भी तापमान 40 पार होता है, पाचन तंत्र पर असर पड़ता है। तली-भुनी चीजें तो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं। नॉनवेज से परहेज करना चाहिए। नॉनवेज पचने में ज्यादा समय लेता है। इससे हाजमा खराब हो सकता है। इस समय अगर लगातार नॉनवेज खाते हैं तो उल्टी-दस्त की समस्या हो सकती है।

आंचलिक विज्ञान नगरी लखनऊ के वरिष्ठ मौसम प्रभारी मो. दानिश ने बताया कि मैप के अनुसार केरल से मानसून आगे बढ़ गया है। इसकी रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 15 जून से प्री मानसून की बारिश हो सकती है।