Pilibhit news: पीलीभीत में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद वरुण गांधी ने साल 1947 का वो किस्सा सुनाया। जब लोकसभा का गठन हुआ था और मावलंकर को लोकसभा स्पीकर बनाया गया था।
Pilibhit news: अक्सर अपनी ही पार्टी के मंत्रियों और विधायकों को लेकर तीखी टिप्पणी करने वाले भाजपा सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर पंडित जवाहर लाल नेहरू की जमकर तारीफ कर डाली। पीलीभीत के स्प्रिंगडेल कालेज में आयोजित नेहरू युवा केंद्र की ओर से युवा उत्सव के दौरान वरुण गांधी ने कहा, नेहरू हमारे परनाना थे। उन्होंने कहा कि साल 1947 में जब लोकसभा का गठन हुआ था। उस समय मावलंकर लोकसभा के अध्यक्ष बने, लेकिन कुछ समय के बाद उनका स्वर्गवास हो गया था।
ऐसे में पंडित जवाहर लाल नेहरू ने तय किया कि हम सरदार हुकुम सिंह को लोकसभा अध्यक्ष बनाएंगे तब वे छोटे से अकाली दल सदस्य थे। यह सुनकर सरदार हुकुम सिंह भी चौंक गए और पंडित नेहरू के पास जाकर बोले इसी लोकसभा में मैंने आपका विरोध किया, आपकी आलोचना की।
इसके बाद भी आपने मुझे लोकसभा अध्यक्ष के लिए चुना क्या ये सही है, कोई मजाक तो नहीं। इस पर नेहरू ने कहा हमें आप जैसे लोगों की जरूरत है। इस समय देश में खूब नेहरू-नेहरू चल रहा है। बड़े पदों पर ऐसे भी लोग रहने चाहिए जो नेहरू जैसे शख्सियत को बुरा भला कहने की ताकत रखता हो। उसी लोकतांत्रिक प्रणाली से हमारा देश बना है। सांसद वरुण ने कहा कि हमें लीडर नहीं जनता का सेवक बनकर काम करना है।