
पीलीभीत: युुवक की गला रेत कर हत्या
पीलीभीत। न्यूरिया थाना क्षेत्र में युवक की बेरहमी से गला रेत कर हत्या कर दी गई है।बताया जा रहा है कि युवक की हत्या रंजिशन हुई है। घटना थाना क्षेत्र के गांव हरकिशनपुर की है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने अभी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है, हत्या के अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।
चार दिन पूर्व ही जेल से रिहा होकर आया है हत्यारोपी
पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव हरैय्या हरकिशनपुर के रहने वाले 32 वर्षीय हरिपाल की बीती रात हत्या कर दी गयी। बताया जा रहा है कि हरिपाल का पड़ोस के ही गांव के रहने वाले हरस्वरूप से झगड़ा चल रहा था। जिसमें हरिपाल ने हरस्वरूप के खिलाफ एक मुकदमा लिखवाया था और अभी चार दिन पूर्व ही हरस्वरूप जेल से जमानत पर रिहा होकर आया था। परिजनों ने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे हरिपाल के पास कोई फोन आया और वह घर से निकल गया। आज सुबह गांव वालों ने देखा कि हरिपाल का खून से लथपथ शव गांव के ही लखनपाल के घर के सामने एक चारा काटने वाली मशीन के पास मिला। प्रथम दृष्टया पुलिस भी इसे कोई हादसा न मानते हुए हत्या स्वीकार कर रही है।
मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार हरिपाल की हत्या बेरहमी से किसी धारदार हथियार से की गयी है। परिजनों ने हत्या का आरोप हरस्वरूप पर लगाया है। क्योंकि हाल ही में हरस्वरूप हरिपाल द्वारा लिखाये गये मुकदमें में जमानत पर रिहा होकर चार दिन पूर्व ही आया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हरिपाल की हत्या बेरहमी से की गयी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हरस्वरूप पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अभी अन्य पहलुओं पर भी जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
Published on:
5 Jun 2018, 6:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.