
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मुंबई हमलों के मास्टमाइंड लश्कर-ए-तैयबा के चीफ हाफिज सईद की रिहाई को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप की दोस्ती पर तंज कसा और सरकार को घेरने की कोशिश की है।
नरेंद्र भाई बात नहीं बनी
शनिवार को राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा है कि नरेंद्र भाई बात नहीं बनी. आतंक का मास्टरमाइंड आजाद है. राष्ट्रपति ट्रंप ने लश्कर फंडिग मामले में पाकिस्तानी सेना को क्लीन चिट दे दी है. गले गलाने की नीति काम नहीं आई है, जल्द ही एकबार और गले लगाने की जरुरत है।
पूरी दुनिया में पाक कोर्ट के फैसले का विरोध
बता दें कि शुक्रवार को पाकिस्तान की अदालत ने मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को जेल से रिहा कर दिया है। पाकिस्तान के इस फैसले का पूरी दुनिया में विरोध हुआ है। अमेरिका ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के संस्थापक हाफिज सईद की नजरबंदी से रिहाई को लेकर वह चिंतित है और उसने पाकिस्तान से कहा कि सईद की आतंकी गतिविधियों के लिए उसे गिरफ्तार किया जाए और आरोपित किया जाए। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नौर्ट ने एक बयान में कहा, पाकिस्तान में हाफिज सईद की नजरबंदी से रिहाई को लेकर अमेरिका बहुत चिंतित है। पाकिस्तान सरकार उसके अपराधों के लिए उसे गिरफ्तार करे और आरोपित करे।
हाजिफ बोला- कश्मीर भी आजाद होगा
रिहाई के बाद सईद ने अपने समर्थकों से कहा कि जिस तरह से मैं आज आजाद हुआ हूं, कश्मीर भी एक दिन आजाद होगा। जमात-उद-दावा (जेयूडी) के प्रमुख सईद पर अमेरिका ने एक करोड़ डॉलर इनाम घोषित कर रखा है। लेकिन उसे लाहौर उच्च न्यायालय के एक आदेश पर 10 महीने की नजरबंदी बाद गुरुवार आधी रात के बाद रिहा कर दिया गया।
मुंबई हमले का मास्टरमाइंड है हाफिज
अमेरिका और भारत का आरोप है कि सईद 2008 के मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड था, और उसे इस वर्ष जनवरी में नजरबंद कर दिया गया था। रिहाई के बाद उसने जम्मू एवं कश्मीर की आजादी के लिए जिहाद जारी रखने का संकल्प लिया है।
Published on:
25 Nov 2017, 12:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.