भाजपा सांसद ने की आसाराम को रिहा करने की मांग, कोरोना का बताया खतरा
Coronavirus के खतरे के बीच BJP सांसद का चौंकाने वाला बयान
Subramanyam Swamy ने की आसाराम बापू को रिहा करने की मांग
ज्यादा उम्र और बीमारियों का दिया हवाला
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस का खतरा बढ़ता जा रहा है। दुनियाभर से सामने आ रही खबरों की मानें तो ये जानलेवा वायरस सबसे ज्यादा बुजुर्गों को अपनी चपेट में लेता है। यही वजह है कि बुजुर्गों के कोरोना वायरस के चलते बचने की ज्यादा सलाह भी दी जा रही है। इस बीच भाजपा के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी का बड़ा बयान सामने आया है।
सुब्रमण्यम स्वामी ने नाबालिग से दुष्कर्म मामले में जेल में बंद आसाराम बापू की रिहाई की मांग की है।
भाजपा राज्यसभा सांसद ने कोरोनावायरस के खतरे के बीच हवालात की हवा खा रहे आसाराम की चिंता सता रही है। सुब्रमण्य स्वामी ने कहा है कि ज्यादा उम्र और बीमारी के चलते आसाराम को जेल में कोरोना का ज्यादा खतरा है। ऐसे में उन्हें रिहा कर देना चाहिए।
आपको बता दें कि आसाराम बापू जोधपुर की सेंट्रल जेल में बंद 1375 कैदियों में शामिल हैं। बीते दिनों कोरोना के बहाने खुद को पैरोल पर छोड़े जाने की मांग को लेकर आसाराम के भूख हड़ताल पर बैठने की भी खबर आई थी।
आपको बता दें कि चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ कोरोनावायरस का खतरा पूरी दुनिया में अपने पैर पसार रहा है। भारत में भी लगातार कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अब तक देश में कोरोना के मरीजों की संख्या 1100 के करीब पहुंच गई है।
वहीं महाराष्ट्र और केरल में तो मरीजों की संख्या 200-200 के पार पहुंच चुकी है। केंद्र सरकार और राज्य सरकारें इस खतरे से निपटने के लिए लगातार कड़े कदम उठा रही हैं। पीएम मोदी ने देश में 14 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया है।