24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल की रैली में दिया संदेश- पहाड़ और मैदान में बांटने वालों से रहें सावधान

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के दौरे के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जनता को पहाड़ और मैदान के बीच बांटने वालों से सावधान रहने का संदेश दिया।

2 min read
Google source verification
jp_nadda.jpg

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (फाइल फोटो)

पत्रिका ब्यूरो
शिमला/नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में लगातार दौरों से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। जेपी नड्डा ने शनिवार को पांवटा साहिब के नगर परिषद् मैदान में आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में 'प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष' के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए 1948 से लेकर 2022 तक की हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमें आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए आत्मनिर्भर हिमाचल प्रदेश बनाना है। इस दौरान जेपी नड्डा ने पूर्व में हिमाचल प्रदेश का विशेष दर्जा खत्म करने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।


राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि अगर हम सभी देशवासी एकजुट होकर दृढ़ निश्चय कर लें तो असंभव कुछ भी नहीं। लोग आपको धर्म-मजहब, जाति-पांति, पहाड़-मैदान के नाम पर बांटने की कोशिश करेंगे। ये देश और प्रदेश को कमजोर करने का षड्यंत्र है। हमें मिल कर चलना है। हमारा लक्ष्य है 2047 में विकसित भारत। हमें अपनी विरासत पर गर्व करना चाहिए। हमें अपने इतिहास, अपने महान पूर्वजों, देवी-देवताओं, आदर्श परंपराओं और अपनी महान संस्कृति पर गर्व करना चाहिए। हमारी संस्कृति हमारी ताकत है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का हवाला देते हुए कहा कि गुलामी की सोच मानसिकता में होती है। जब भारतवर्ष से अच्छी कोई और भूमि लगने लगती है तो यह गुलामी मानसिकता का प्रतीक है। हमें ये तय करना है कि सर्वोच्च होगा तो अपना हिमाचल प्रदेश और अपना भारतवर्ष। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदा और ख़राब मौसम के कारण राज्य में फसलों का जो नुकसान हुआ है, उसकी समस्या का समाधान हमारी राज्य सरकार करेगी। जेपी नड्डा ने कहा कि राज्य की हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा का जो सवाल है, उस पर विचार चल रहा है। इस विषय पर भी निर्णय जल्द से जल्द हो जाएगा।

राजनीति में दूरदृष्टि जरूरी

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि राजनीति में छोटी दृष्टि नहीं बल्कि दूरदृष्टि रखनी चाहिए। यदि गलत आदमी कुर्सी पर बैठता है तो नुकसान होता है और यदि सही व्यक्ति को जनता की सेवा करने का अवसर मिलता है तो फायदा ही फायदा होता है।
कांग्रेस के लोग गला फाड़-फाड़ कर बोलते हैं कि कुछ नहीं हुआ, कुछ नहीं हुआ। अरे, आपने जनता को ठगा था, अब जनता ने आप लोगों को बेरोजगार कर दिया, इसलिए आपका कुछ भी नहीं हो सकता।

कांग्रेस ने हिमाचल का विशेष दर्जा खत्म कर दिया था
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ने न केवल हिमाचल प्रदेश का स्पेशल स्टेटस दर्जा ख़त्म कर दिया था बल्कि वाजपेयी की सरकार में प्रदेश को 10 वर्षों के लिए मिले इंडस्ट्रियल पैकेज को भी 7 साल में ही ख़त्म कर दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के स्पेशल स्टेटस को फिर से बहाल किया। 2002 में अटल टनल का शिलान्यास हुआ था। कांग्रेस की यूपीए सरकार के 10 वर्षों में इस टनल पर काम नहीं के बराबर हुआ। अटल जी कहा करते थे कि इस टनल का शिलान्यास मेरे दिल पर गड़ा पत्थर है। उस सपने को भी साकार किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने।