बुरहानपुर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को बुरहानपुर पहुंचे। दिवंगत सांसद नंदकुमार सिंह चौहान की मूर्ति अनावरण करने के साथ पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। दोपहर 12:30 बजे हेलीपैड पर सीएम के पहुंचते ही घाघरला वन कटाई का मुद्दा उठा। सीएम ने हेलीपैड पर ही जनप्रतिनिधियों और घाघरला के ग्रामीणों से चर्चा की। वन कटाई को रोकने एवं कार्रवाई के लिए विस्तार से चर्चा करने के लिए ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल को 21 मार्च को भोपाल में बैठक के लिए बुलाया।
सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन की सख्ती देखने को मिली। हेलीपैड पर किसी को भी बिना आइडी के प्रवेश नहीं मिला तो भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ अधिक रही। संभाग आयुक्त, आइजी, डीआइजी सहित कलेक्टर, एसपी भी हेलीपैड पर मौजूद थे। सीएम की सुरक्षा के लिए रस्सा बनाकर घेरा बनाया गया। लेकिन भाजपा के पदाधिकारी अधिक होने से अधिक भीड़ के कारण अव्यवस्था हुई। जिससे सीएम भाजपा जिलाध्यक्ष मनेज लधवे पर नाराज हो गए। मंडल अध्यक्षों से मिलने के बाद सीएम सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए।
संभाग आयुक्त बोले करेंगे कार्रवाई
सीएम के पहुंचने से पहले ही घाघरला के लोग हेलीपैड पर पहुंचे तो प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मच गया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, नेपानगर विधायक सुमित्रा कास्डेकर के साथ ग्रामीण पहुंचे थे। पहले कलेक्टर, एसपी ने ग्रामीणों से चर्चा की। इंदौर संभाग आयुक्त डॉ पवन कुमार शर्मा, , इंदौर आइजी ने मुलाकात कर ग्रामीणों को अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही।