
NDA में शामिल होने पर मुख्यमंत्री नीतीश बोले- जो किया बिहार के हित में किया, लोकसभा चुनाव में जीत पक्की
नई दिल्ली: बिहार में एनडीए के बीच सीट बंटवारे पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। सीट बंटवारे के ऐलान के बाद पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ गठबंधन करने पर कहा कि जो किया वह बिहार के हित में किया। बिहार के विकास के लिए जो कुछ बेहतर होगा वह करने के लिए तैयार हूं। सीटों का बंटवारा आपसी सहमति के साथ हुआ है। नीतीश कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बिहार में एनडीए की जीत पक्की होगी। यहां एनडीए का प्रदर्शन उम्मीद से ज्यादा रहेगा। एनडीए के सहयोगी दल RSLP के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की नाराजगी के एक सवाल पर नीतीश कुमार जवाब देने से बचते हुए नजर आए।
सृजन घोटाले में कार्रवाई होगी
एक मीडिया कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बोलते हुए कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता पर हम समझौता नहीं करते । उन्होंने कहा कि बिहार में सृजन घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है। इस मामले में जो दोषी पाया जाएगा। कोई बच नहीं सकता। गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
थ्री सी से समझौता नहीं-नीतीश कुमार
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले भी कह चुके हैं कि वो थ्री 'सी' से कभी समझौता नहीं किया है और न आगे करेंगे । नीतीश कुमार ने बताया कि तीन 'सी' का मतलब है- क्राइम, करप्शन और कम्यूलिज्म। कुमार ने आगे कहा कि आपको यह पसंद हो या न हो, आप वोट करें या न करें, हम अपना काम करते रहेंगे। जदयू जाति आधारित राजनीति नहीं बल्कि काम आधारित राजनीति करती है। पटना के संवाद कक्ष में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के लिए तीन योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार का एजेंडा है अल्पसंख्यकों को समाज के मुख्यधारा में लाना। हम सेवा करने वाले हैं, वोट की चिंता नहीं करते हैं। हमारी सरकार तीन 'C’ से समझौता कभी नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जनता सुझाव दे, सरकार उस पर अमल करेगी।
Published on:
3 Nov 2018, 7:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.