10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नरेंद्र मोदी ऐसे चौकीदार हैं जो चोरों को अंदर लाते हैं, सच्चे होते तो जेटली को बर्खास्त कर देतेः राहुल

राहुल बोले, 'मोदी अगर सच्चे चौकीदार होते तो भगोड़े व्यवसायी विजय माल्या को विदेश जाने की अनुमति देने वाले वित्तमंत्री अरुण जेटली को तुरंत बर्खास्त कर देते।'

2 min read
Google source verification
Rahul

नरेंद्र मोदी ऐसे चौकीदार हैं जो चोरों को अंदर लाते हैं, सच्चे होते तो जेटली को बर्खास्त कर देतेः राहुल

हैदराबाद। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर तंज कसे। आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, 'नरेंद्र मोदी एक ऐसे चौकीदार हैं जो दरवाजे खोलते हैं और चोरों को अंदर आने देते हैं। मोदी अगर सच्चे चौकीदार होते तो भगोड़े व्यवसायी विजय माल्या को विदेश जाने की अनुमति देने वाले वित्तमंत्री अरुण जेटली को तुरंत बर्खास्त कर देते। मोदी ने जेटली को बर्खास्त नहीं किया, क्योंकि वे खुद भ्रष्ट हैं।'

फिर उठाया राफेल डील का मुद्दा

राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के दौरान हुए 126 लड़ाकू विमान खरीदने के सौदे को बदल दिया। प्रत्येक जेट की कीमत पहले निर्धारित हुई 526 करोड़ रुपए से बढ़कर 1600 करोड़ रुपए कैसे हो गई? तीन गुनी कीमत पर सरकार ने अंबानी की कंपनी से राफेल विमान खरीद का सौदा किया है। उस कंपनी ने कभी विमान बनाया ही नहीं।

'पीएम के लिए लगातार झूठ बोल रहीं रक्षा मंत्री'

राहुल गांधी ने कहा कि विमान बनाने का ठेका 70 साल का अनुभव रखने वाली हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से लेकर मोदी ने एक निजी कंपनी को दे दिया और इसकी भनक रक्षा मंत्रालय को भी नहीं लगने दी। बाद में रक्षा मंत्रालय को इससे संबंधी कागजात बनाने के लिए कहा। इस सच्चाई का खुलासा रक्षामंत्री कर ही नहीं सकतीं। वह प्रधानमंत्री को बचाने के लिए लगातार झूठ पर झूठ बोले जा रही हैं।

माल्या के मसले पर भी बोले राहुल

राहुल ने कहा, 'जेटली ने खुद माना है कि माल्या ने उनसे मिलकर बताया था कि वह देश छोड़कर इंग्लैंड जा रहा है। अब मात्र यही संभावना है कि वित्त मंत्री ने माल्या को किसी कीमती चीज के बदले विदेश जाने की अनुमति दे दी। उनके बीच एक सौदा हुआ था।'

'2019 में सत्ता मिली तो किसानों का कर्ज माफ करेंगे'

राहुल ने कहा कि नोटबंदी और गलत तरीके से जीएसटी लागू करने का मकसद जनता की जेब का पैसा निकालकर कुछ सबसे अमीर उद्योगपतियों की जेब में भरने का था। सरकार ने वह उद्देश्य पूरा कर लिया, मगर जनता से धोखा किया। मोदी सरकार पर सबसे अमीर लोगों पर 1.3 लाख करोड़ का एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स) बढ़ाने का आरोप लगाते हुए राहुल ने वादा करते हुए कहा कि अगर वे 2019 में सत्ता में आए तो कांग्रेस सबसे पहले किसानों का ऋण माफ करेगी।