
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी देश में राजनीतिक लाभ के लिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़े जाने के विरोध में सोमवार को देशव्यापी अनशन करने जा रही है। इसी कड़ी में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली में राजघाट स्थिति महात्मा गांधी की समाधि पर उपवास करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष के साथ पार्टी के बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी सरकार समाज को जातियों एवं वर्गों में बांटने का काम कर रही है। एक पार्टी के निजी स्वार्थ के कारण देश का सामाजिक ताना-बाना बिगड़ जाए, यह किसी को मंजूर नहीं है। सत्ता जनता की भलाई के काम करने के बजाय अपनी विचारधारा थोपने में लग जाए, यह बेहद खतरनाक स्थिति है।
सभी जिलों में पार्टी मुख्यालयों पर होगा अनशन
वहीं, पार्टी संगठन के नए महासचिव अशोक गहलोत ने सभी प्रदेश अध्यक्षों, एआईसीसी महासचिवों/प्रभारियों और विधायक दल के नेताओं को निर्देश दिया है कि वो सांप्रदायिक सौहार्द को बचाने और बढ़ाने के लिए सभी राज्यों और जिलों के कांग्रेस मुख्यालयों में 9 अप्रैल को उपवास रखें। यूपी कांग्रेस के महामंत्री एवं प्रवक्ता द्विजेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर राजधानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर के नेतृत्व में उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश की सरकारों द्वारा देश और प्रदेश में जिस प्रकार सामाजिक वैमनस्यता को बढ़ाने और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, जिस तरह से 2 अप्रैल को दलित संगठनों द्वारा आहूत बंद के दौरान दलितों एवं महिलाओं पर पुलिस द्वारा बर्बर लाठीचार्ज किया गया, उससे भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता उजागर हुई है। प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जिस प्रकार भारतीय संस्कृति एवं गंगा-जमुनी तहजीब को नुकसान पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, उसकी जितनी भी निंदा की जाय, कम है।
दलितों के हितों पर कुठाराघात
उन्होंने कहा कि जबसे केंद्र एवं प्रदेश में भाजपा सत्तासीन हुई है, अनुसूचित जाति/जनजाति के हितों पर लगातार कुठाराघात किया जा रहा है। दलितों पर लगातार उत्पीड़न बढ़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी सदैव सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारा पर बल देती रही है। देश के माहौल में आया फर्क जनता महसूस कर रही है और दहशत में है। न्यू इंडिया बनाने के ऐसे तरीकों को जनता पसंद नहीं करती, इसलिए जनता की आवाज उठाना जरूरी है।
Published on:
09 Apr 2018 07:36 am

बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
