
Kalyan Singh Passed Away: PM Modi And Other Union Ministers Expressed Grief
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का निधन (Kalyan Singh Passed Away) हो गया। वह 89 वर्ष के थे। कुछ दिन पहले हालत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। शनिवार दोपहर से उनकी हालत अधिक खराब होने लगी थी, इसके बाद आज (शनिवार) रात 9.15 बजे उनका निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार अलीगढ़ के अतरौली में सोमवार को होगा।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत तमाम केंद्रीय मंत्रियों व भाजपा नेताओं ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा ''मैं काफी दुखी हूं। कल्याण सिंह जी.. राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है। मैंने उनके पुत्र श्री राजवीर सिंह से बात की और संवेदना व्यक्त की है। ओम शांति।''
पीएम मोदी ने आगे कहा भारत के सांस्कृतिक उत्थान में उनके योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा कल्याण सिंह जी की आभारी रहेंगी। वह दृढ़ता से भारतीय मूल्यों में निहित थे और हमारी सदियों पुरानी परंपराओं पर गर्व करते थे।
वहीं, उत्तर प्रदेश की सीएम योगी आदित्यनाथ भावुक दिखे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कल्याण सिंह राम मंदिर आंदोलन के बड़े नेता थे। उनका जाना न सिर्फ समाज का बल्कि भाजपा परिवार के लिए भी अपूरणीय क्षति है.।परिवार के सदस्यों से बातचीत हुई है। कल्याण सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिनों के राजकीय शोक की भी घोषणा की गई है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कल्याण सिंह का जनता से जादुई जुड़ाव था। यूपी के सीएम के रूप में, उन्होंने स्पष्ट रूप से स्वच्छ राजनीति का पीछा किया और अपराधियों और भ्रष्टाचार के शासन को खत्म किया। उन्होंने अपने द्वारा रखे गए कार्यालयों को सम्मानित किया। उनके निधन से सार्वजनिक जीवन में एक खालीपन आ गया है। मेरी हार्दिक संवेदना।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की बात है कि आज उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह हमारे बीच नहीं रहे। वे राम जन्मभूमि आंदोलन के नायक रहे। वे हमेशा दबे-कुचले और पिछड़ों की आवाज़ उठाते रहे हैं। जब राम जन्मभूमि का शिलान्यास हुआ उस दिन मेरी कल्याण सिंह से फोन पर बात हुई थी और उन्होंने कहा था कि मेरा सपना पूरा हो गया है।
केंद्रीय सूचना और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कल्याण सिंह जी के निधन से एक युग का अंत हुआ है। लंबे समय से उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था। लेकिन वो हमें छोड़ के चले गए हैं उनके निधन पर मैं बीजेपी और सरकार की तरफ से गहरा शोक प्रकट करता हूं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कल्याण सिंह दो महीने से अस्वस्थ थे। उन्होंने आज रात सवा नौ बजे आखिरी सांस ली। हम सभी दुखी है। मैं दिवंगत आत्मा के लिए शांति की कामना करता हूं। प्रदेश में तीन दिन का शोक है। 23 तारीख को नरौरा में गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 23 अगस्त को प्रदेश के अंदर सार्वजनिक अवकाश घोषित रहेगा ताकि हर व्यक्ति उनको श्रद्धाजंलि दे सकें।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन से दुखी हूं। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।
केंद्रीय सड़क व राजमार्ग जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने शोक व्यक्त किया और कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत व्यथित हूं। जनसंघ और भाजपा को उत्तर प्रदेश में खड़ा करने में कल्याण सिंह जी का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कल्याण सिंह जी के निधन से आज हमने एक ऐसा विराट व्यक्तित्व खो दिया जिसने अपने राजनीतिक कौशल, प्रशासकीय अनुभव और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से राष्ट्रीय स्तर पर एक अमिट छाप छोड़ी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने शोक व्यक्त करत् हुए कहा कि आज दु:खद समाचार प्राप्त हुआ कि कल्याण सिंह जी हमारे बीच नहीं रहें। वे यूपी के दो बार सीएम रहे चुके थे और राजस्थान में राज्यपाल भी थे। उनके साथ काम करने का मुझे काफी दिन अवसर प्राप्त हुआ। उनका निधन हमारे देश और बीजेपी के लिए अपूरणीय क्षति है।
Updated on:
21 Aug 2021 11:25 pm
Published on:
21 Aug 2021 10:47 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
