Basavaraj Bommai Attacks Congress: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हाल ही में एक बार फिर काँग्रेस पर निशाना साधा है। बोम्मई ने काँग्रेस पर झूठे वादे करके लोगों को मूर्ख बनाने का आरोप लगाया है।
2024 लोकसभा चुनाव (2024 Lok Sabha ELection) में अभी एक साल से ज़्यादा का समय बाकी है, पर सियासी गलियारों में सभी दलों की हलचल तेज़ हो गई है। देश के दो सबसे बड़े राजनीतिक दल बीजेपी (BJP) और काँग्रेस (Congress) ने एक-दूसरे पर हमले तेज़ कर दिए हैं। हाल ही में कर्नाटक के मुख्यमंत्री (Chief Minister of Karnataka) बसवराज बोम्मई (Basavaraj Bommai) काँग्रेस के खिलाफ आक्रामक अंदाज़ में दिखे। कर्नाटक में इसी साल मई में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री बोम्मई ने काँग्रेस पर जमकर निशाना साधा। बोम्मई ने काँग्रेस पर झूठे वादे करने का आरोप भी लगाया।
'काँग्रेस सिर्फ झूठे वादे करके लोगों को मूर्ख बनाती है'
कर्नाटक में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने काँग्रेस पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाएं। बोम्मई ने कहा, "काँग्रेस सिर्फ झूठे वादे करके लोगों को मूर्ख बनाती है। काँग्रेस सिर्फ झूठे वादों के दम पर सत्ता में लौटना चाहती है।"
बोम्मई ने आगे कहा, "राहुल गांधी कई बार कर्नाटक आए हैं। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा भी की, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला और न ही लोगों को इसका कोई फायदा हुआ। उन्होंने कुछ दिन पहले एक फर्जी घोषणा भी की थी, लेकिन उसका भी कुछ नहीं होगा। काँग्रेस सबसे पुरानी पार्टी है, लेकिन इसके बावजूद उनका ट्रैक रिकॉर्ड भी उतना ही खराब है।"
बोम्मई ने काँग्रेस के झूठे वादों के बारे में बात करते हुए कहा, "राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे दूसरे राज्यों में काँग्रेस ने चुनाव से पहले कई वादे किए थे। लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन वादों का कुछ नहीं हुआ और वो धरे के धरे रह गए और उनका कुछ भी फायदा जनता को नहीं हुआ। छत्तीसगढ़ में उन्होंने प्रति परिवार एक हज़ार रुपये भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन वो वादा चार साल में भी पूरा नहीं हुआ है। काँग्रेस वैसे ही झूठे वादे कर्नाटक में भी कर रही है और जनता को मूर्ख बनाने की कोशिश कर रही है। पर उनके वादे गारंटी कार्ड नहीं, सिर्फ बिना मूल्य वाला विज़िटिंग कार्ड है।"