
ओडिशा: सुंदरगढ़ में बोले पीएम मोदी- प्रधान सेवक अपने मालिकों का आशीर्वाद ले आया है
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को ओडिशा के सुंरदगढ़ में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे बताया गया कि पहली बार देश का कोई प्रधानमंत्री सुंदरगढ़ आया है। लेकिन आज भी कोई प्रधानमंत्री यहां नहीं आया है, आज तो ओडिशा का प्रधान सेवक अपने मालिकों से आशीर्वाद लेने आया है। बीजेडी पर हमला बोलते ही पीएम ने कहा कि अगर राज्य में सत्ताधारी दल की नीयत साफ होती तो किसानों को उनकी उपज की लागत का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य मिलता, जो चौकीदार ने आपके लिए तय किया था। बीजेडी की नीयत ठीक होती तो आयुष्मान भारत का फायदा आपको मिलता।
उन्होंने कहा कि हम परिवार पर आधारित नहीं है और न ही हम लोग पैसों पर आधारित हैं। कईं पार्टियां पैसों से बनी हैं। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के पसीने से बनी है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक दल है। देश को कांग्रेस और उससे निकली हुई पार्टियों के सामने एक मजबूत विकल्प देने का काम भाजपा ने किया है। भाजपा युवा भारत की पार्टी है।
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि देश में जब चुनौती आई तब भाजपा के कार्यकर्ता मां भारती की रक्षा में डटकर खड़े रहे। सरकारें पहली भी थीं, सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में नहीं सोच पाती थीं। उन्होंने कहा कि मजबूत भारत के लिए मजबूत सरकार होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल जी ने कहा था अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। आज जब वह ओडिशा आए हैं, तो देख रहे हैं की चाहे केंद्र हो या राज्य यहां कमल खिलना तय है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को नमन करते हुए कहा कि उनके परिश्रम से ही आज देश में पूर्ण बहुमत की सरकार है। और अब उनके ही परिश्रम से, देश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।
आपको बता दें कि इसके बाद पीएम मोदी सोनपुर में पार्टी उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। इसके साथ ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कल यानी रविवार को ओडिशा में रहेंगे। अमित शाह पोलसारा और बरगढ़ में भाजपा के विजय संकल्प समावेश में शामिल होंगे।
वहीं, ओपीसीसी अध्यक्ष निरंजन पटनायक के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी 9 अप्रैल को ओडिशा में रैली कर पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। राहुल गांधी का चुनावी कार्यक्रम गंजाम जिले के दिगापहांडी में रखा गया है। जबकि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के सिंह द्वार से बडसंखा तक का रोड शो करेंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी शनिवार को ब्रह्मपुर में एक रैली में शामिल होंगे।
आपको बता दें कि 14 लोकसभा सीटों वाले ओडिशा राज्य में 4 चरणों में चुनाव होने हैं। 147 सदस्यीय ओडिशा मे विधानसभा और लोकसभा के लिए राज्य में 11 अप्रैल से मतदान शुरू होगा। ओडिशा में अभी नवीन पटनायक की सरकार है।
Updated on:
06 Apr 2019 01:48 pm
Published on:
06 Apr 2019 11:49 am
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
