नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने सरकार से अपील की है कि वह कानून बनाकर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ करे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण राष्ट्रगौरव की दृष्टि से आवश्यक है और मंदिर बनने से देश में सद्भावना एवं एकात्मता का वातावरण बनेगा। उन्होंने ये बात विजयादशमी के अवसर पर संघ के अपने वार्षिक संबोधन में कही।
उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि स्थल का आवंटन होना बाकी है, जबकि साक्ष्यों से पुष्टि हो चुकी है कि उस जगह पर एक मंदिर था। राजनीतिक दखल नहीं होता तो मंदिर बहुत पहले बन गया होता। हम चाहते हैं कि सरकार कानून के जरिए राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करे। इससे न केवल विवाद का अंत होगा बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में भी हम लोग आगे बढ़ेंगे।