
देश की राजनीति में नया ट्वीस्ट, एक बार फिर मुलायम ने की पीएम मोदी की तारीफ
नई दिल्ली। बहुत पुरानी कहावत है राजनीति में कब, कहां और क्या हो जाए यह कोई नहीं जानता। कई बार तो ऐसी घटना घटी, जिसकी लोगों ने कल्पना तक नहीं की। बुधवार को कुछ ऐसा ही हुआ संसद में, जब सांसद और सपा के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव ने अचानक लोकसभा के अंदर पीएम मोदी की तारीफ की। मुलायम ने सदन के अंदर पीएम मोदी की जमकर तारीफ की और कहा कि वो एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बनें। खास बात यह है कि ये पहला मौका नहीं है जब मुलायम सिंह ने पीएम मोदी की तारीफ में कसीदे पढ़े हों। इससे पहले भी वे मोदी की तारीफ के पुल बांध चुके हैं।
जब अखिलेश से मुलायम ने कहा था मोदी से सीखें
एक बार समाजवादी पार्टी की बैठक में ही मुलायम सिंह ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने अपने बेटे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से कहा था कि उन्हें पीएम मोदी से सीख लेनी चाहिए। दरअसल, जब सपा परिवार में खींचतान चल रहा था उस वक्त मुलायम ने बैठक बुलाकर अखिलेश से इशारों में कहा था कि मोदी से कुछ सीखें। किस तरह प्रधानमंत्री बनने के बाद भी वो अपने मां की सेवा कर रहे हैं। इसके अलावा साल 2016 में मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। कार्यकर्ताओं से बात करते हुए मुलायम सिंह ने कहा था कि पीएम बहुत कष्ट झेलकर यहां तक आए हैं। साधारण परिवार से हैं। उनसे सबको सीखना चाहिए।
दो साल पहले बांधे थे तारीफ के पुल
इसके अलावा साल 2017 में भी मुलायम सिंह ने मोदी की तारीफ की थी। मुलायम सिंह ने कहा था कि मोदीजी की नीति और नीयत दोनों ठीक हैं। हमें पूरा विश्वास है कि मोदीजी देश के मान-सम्मान पर कभी कोई आंच नहीं आने देंगे। मोदी सरकार भारत की पहली सरकार है जिसने सामरिक क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने का फैसला लिया है। इसके लिए सरकार अधिकतर हथियारों और सैन्य साजो-सामान को अपने यहां बनाने का काम कर रही हैं।
इस मोदी प्रेम के क्या मायने
हालांकि, पीएम मोदी भी कई बार मुलायम सिंह यादव की तारीफ कर चुके हैं। अब देखना यह है कि इस तारीफ के क्या मायने हैं। दरअसल, मुलायम सिंह सपा से पूरी तरह साइड लाइन हो चुके हैं। छोटा भाई शिवपाल यादव अपनी अलग पार्टी बना चुके हैं। अब सवाल यह है कि मुलायम के इस मोदी 'प्रेम' का क्या मायन हैं। जबकि, कई बार मुलायम सीधे तौर पर मोदी पर निशाना साध चुके हैं। लेकिन, चुनाव से ठीक पहले मुलायम का इस मोदी 'प्रेम' से देश की राजनीति में हलचल मच गई है।
Updated on:
14 Feb 2019 12:00 pm
Published on:
13 Feb 2019 04:40 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
