
मुजफफरपुर रेप केस: तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को बताया कायर मुख्यमंत्री, मांगा इस्तीफा
पटना। मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस को लेकर राजद नेता और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि नीतीश कुमार में सरकार चलाने की क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले में यह सिद्ध हो गया है कि वह कायर मुख्यमंत्री हैं। इसी का नतीजा है कि वह बिहार की बेटियों के लिए न्याय की लड़ाई नहीं लड़ पा रहे हैं। राजद नेता ने आरोप लगाया कि नीतीश इस शर्मनाक प्रकरण में शामिल लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे हें। राजद नेता ने कहा कि नीतीश कुमार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें घटना के बारे में पूरी जानकारी है। इस दौरान राजद नेता ने कहा कि मैं उन्हें एक हफते का समय देते हूं। यदि हफते के भीतर शेल्टर होम से गायब लड़की का पता नहीं लगाया जाता तो वह मधुबनी में जन प्रदर्शन शुरू कर जनता के सामने बिहार सरकार की पोल खोलेंगे। वहीं, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने सेंट्रल फॉरेसिंक साइंस लेबोरेटरी (सीएफएसएल) के अधिकारियों के साथ मिलकर शनिवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बालिका गृह की तलाशी ली, जहां 34 नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ था। मामले की जांच में तेजी लाने के लिए सीएफएसएल की टीम ने वैज्ञानिक सबूत एकत्र किए।
एक जिला पुलिस अधिकारी ने कहा कि मुजफ्फरपुर कोर्ट में मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर से पूछताछ करने के लिए उसे रिमांड पर लिए जाने का आवेदन करने से पहले टीम ने सीलबंद कमरे खोले और तलाशी ली।
Published on:
11 Aug 2018, 1:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.