पीएम ने अहमदाबाद के वस्त्राल से एप्रल पार्क तक की मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। जासपुर की सभा में बोले- 2019 के बाद भी वहीं रहेंगे इसलिए उन्हें चिंता नहीं करनी चाहिए। जामनगर में रैली में बोले पीएम मोदी- रफाल होता तो देश के रक्षा हालात अलग होते।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गृहराज्य गुजरात के दौरे पर हैं। राज्य की 15 फीसदी पाटीदार आबादी को रिझाने के लिए वे जामनगर के बाद जासपुर भी पहुंचे। पीएम ने यहां पाटीदार समुदाय की कुलदेवी उमिया के मंदिर के लिए भूमिपूजन किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने यहां विश्व उमिया धाम की आधारशिला भी रखी। इसके बाद उन्होंने पाटीदार समाज के लोगों को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि आप चिंता मत करना...2019 के बाद भी मैं ही प्रधानमंत्री बनूंगा।
चिंता नहीं करनी चाहिए: मोदी
दरअसल हुआ कुछ ऐसा कि पीएम अपने संबोधन के दौरान प्रस्तावित मंदिर के मामले में सरकारी सहायता की बात कर रहे थे। अचानक वे थोड़ी देर के लिए रूक गए। फिर वहां मौजूद सभा से चिंता मत कीजिए..मैं 2019 में वापसी कर रहा हूं, इसलिए अगर आपको केंद्र सरकार से कुछ चाहिए तो आप मुझे बोल सकते हैं। फिर भीड़ ने मोदी-मोदी के नारे लगाए। इसके बाद उन्होंने कहा कि भारत सरकार को इसमें (मंदिर) कुछ भी करने की जरूरत हो तो दिल्ली में जो मेरा घर है वह आपका ही है।
मोदी ने की अहमदाबाद में मेट्रो की सवारी
इस दौरे पर पीएम मोदी ने अहमदाबाद में वस्त्राल से एपेरल पार्क के बीच बने मेट्रो रेल के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके बाद पीएम ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, गुजरात के सीएम विजय रुपाणी और डिप्टी सीएम के साथ मेट्रो में सफर भी किया। आपको बता दें कि वस्राल गांव से एपरेल पार्क तक 6.5 किलोमीटर का रूट है।
'रफाल होता तो उधर कोई नहीं बचता'
इससे पहले पीएम ने जामनगर में भी एक रैली को संबोधित किया। वहां उन्होंने कहा कि अगर हमारे पास रफाल होता तो देश के रक्षा हालात अलग होते। उन्होंने कहा कि इससे 'इस तरफ कोई शहीद नहीं होता और दूसरी तरफ कोई नहीं बचता।' पीएम ने विपक्षी पार्टियों के नाम लिए बिना कहा कि उन्हें रफाल जेट के बारे में बात करते समय 'सामान्य बुद्धि' का इस्तेमाल करना चाहिए।