बॉलीवुड अभिनेता और सहकारी समिति के निदेशक कपिल झावेरी की तस्वीर वायरल। गोवा के मुख्यमंत्री और सहकारिता मंत्री के साथ तस्वीर ने खड़ी की पार्टी की मुसीबत। रविवार को गोवा में रेव पार्टी के दौरान गिरफ्तार 23 लोगों में से झावेरी भी थे शामिल।
पणजी। गोवा में हाई प्रोफाइल रेव पार्टी में छापेमारी और गिरफ्तारी के बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया है। इस पार्टी में गिरफ्तार किए गए बॉलीवुड अभिनेता और एक सहकारी समिति के निदेशक कपिल झावेरी की वजह से गोवा की सत्ताधारी पार्टी मुसीबत में आ गई है। रविवार को उत्तरी गोवा के एक गांव में चल रही रेव पार्टी के दौरान गिरफ्तार झावेरी की गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और राज्य के सहकारिता मंत्री गोविंद गाउडे के साथ बैठकों की तस्वीरें सोमवार को अचानक सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इसके चलते अब पार्टी के लोग डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं।
इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद राज्य के सहकारिता मंत्री गोविंद गाउडे ने ट्वीट कर सफाई दी। उन्होंने लिखा कि झावेरी ने औपचारिक रूप से अपॉइंटमेंट लेने के बाद उनसे मुलाकात की थी। बता दें कि रेव पार्टी में गिरफ्तारी किए जाने के बाद झावेरी को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
गाउडे ने सोमवार को ट्वीट किया, "कपिल झावेरी के साथ मेरी तस्वीर को झूठी जानकारी के साथ वायरल किया गया है। उन्होंने एक क्रेडिट सोसायटी की एक शाखा के उद्घाटन पर आमंत्रित करने के लिए मुझसे अपॉइंटमेंट मांगा था। बतौर सहकारिता मंत्री मैं किसी भी समर्थन के कार्य से बचता हूं और इसी आधार पर मैंने उनके निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया था।"
गाउडे ने आगे बताया कि झावेरी के साथ उनकी बैठक करीब तीन महीने पहले हुई थी और कुछ मिनट तक चली थी। गाउडे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह एक सार्वजनिक व्यक्ति हैं। कई लोग उनसे मुलाकात करने आते हैं। सभी की पृष्ठभूमि की जांच नहीं की जा सकती है।
गाउडे ने आगे कहा कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात की है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया है कि पुलिस को इस मामले की जांच करने के लिए पूरी तरह खुली छूट दी गई है। पुलिस के साथ सहयोग करना उनका प्रमुख कर्तव्य है। गौरतलब है कि कपिल झावेरी एक बहु-राज्य सहकारी समिति के निदेशक हैं। झावेरी ने सलमान खान-स्टारर 'सावन' (2006) और 'दिल परदेसी हो गया' (2003) जैसी बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है।
कपिल झावेरी उन 23 आरोपियों में से एक हैं, जिन्हें गोवा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रविवार तड़के अंजुना के समुद्र तटीय गांव में एक रेव पार्टी में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया था। पुलिस ने रेव पार्टी से करीब नौ लाख रुपये के ड्रग्स भी बरामद किए थे।