
Punia
नई दिल्ली। हैदराबाद की मक्का मस्जिद ब्लास्ट केस में एनआईए की विशेष अदालत के फैसले के बाद जमकर घमासान हो रहा है। अदालत के फैसले के बाद 'भगवा आतंकवाद' शब्द एक बार सुर्खियों में हैं और इसको लेकर कांग्रेस पार्टी बैकफुट पर नजर आ रही है। इस मामले में अदालत के फैसले के बाद जमकर राजनीति हो रही है।
राहुल गांधी ने नहीं किया 'भगवा आतंकवाद' शब्द का इस्तेमाल
सोमवार को अदालत के फैसले के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पार्टी पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया है। बीजेपी ने इस केस को लेकर कांग्रेस पार्टी पर हिंदुओं को बदनाम करने का आरोप लगाया है। वहीं बीजेपी के इन आरोपों पर पार्टी के बड़े नेताओं ने चुप्पी साध ली है, लेकिन कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने बीजेपी के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी या फिर राहुल गांधी ने कभी भगवा आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है।
आतंकवाद को किसी धर्म से नहीं जोड़ा जा सकता- पीएल पुनिया
पीएल पुनिया ने पार्टी की तरफ से सफाई देते हुए कहा कि 'भगवा आतंकवाद' कुछ नहीं होता है, कांग्रेस यही मानती है कि आतंकवाद को किसी धर्म या समुदाय से नहीं जोड़ा जा सकता। उन्होंने साफ किया कि राहुल गांधी या पार्टी ने कभी 'भगवा आतंकवाद' शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद एक आपराधिक मानसिकता है और इसे किसी एक धर्म से नहीं जोड़ा जा सकता।
एनआईए कोर्ट से सभी पांच आरोपी हुए हैं बरी
आपको बता दें कि 2007 के मक्का मस्जिद विस्फोट मामले में दक्षिणपंथी संगठन के कार्यकर्ता असीमानंद और चार अन्य को सोमवार को एनआईए की अदालत ने बरी कर दिया है। अदालत के फैसले के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने 'भगवा आतंकवाद' शब्द का इस्तेमाल कर हिंदुओं को अपमानित किया था और राहुल गांधी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
Published on:
17 Apr 2018, 8:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.