
गुवाहाटी में विरोधियों पर जमकर बरसे पीएम मोदी, बोले- चौकीदार की चौकसी से बौखला गए हैं भ्रष्टाचारी
गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने एक दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे के दूसरे चरण में असम के गुवाहाटी पहुंचे और एक रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस दौरान जमकर अपने विपक्षियों पर गरजे और कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत रत्न केवल कुछ ही लोगों के लिए आरक्षित था और कुछ लोगों को इस सम्मान के लिए दशकों तक देश की सेवा करने के बाद भी नहीं मिला। लेकिन अब मुझे गर्व है कि भाजपा जब सत्ता में आई तो भारत रत्न देने की प्रथा को बदला और गोपीनाथ बारदोलाई एवं भूपेन हजारिका को यह सम्मान मिला है। पीएम मोदी ने कांग्रेस व विपक्ष के कई आरोपों का भी जवाब दिया। साथ ही उनपर हमला भी किया। मोदी ने कहा कि देश आज देख रहा है कि चौकीदार की चौकसी से कैसे भ्रष्टाचारी बौखला हुए हैं और हर दिन नई गाली मोदी को देते रहते हैं। वहां तो एक ही मापदंड है, कौन मोदी को ज्यादा गाली दे सकता है, इसी का प्रतियोगिता चल रहा है। ये लोगों की एक ही पहचान है 'महामिलावट'।
NRC के जरिए हर भारतवासी को उनका हक दिलाना है: मोदी
आपको बता दें कि एनआरसी के संबंध में भी पीएम मोदी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एनआरसी के जरिए हर भारतवासी को उसका हक दिलाना सरकार का दायित्व है। नागरिकता संशोधन का विषय सिर्फ असम या नॉर्थ ईस्ट से जुड़ा नहीं है, बल्कि देश के अनेक हिस्सों में मां भारती पर आस्था रखने वाली ऐसी संताने हैं, ऐसे लोग हैं जिनको अपनी जान बचाकर भारत आना पड़ा है। चाहे वो पाकिस्तान से आए हों, अफगानिस्तान से आए हों या फिर बांग्लादेश से, ये 1947 से पहले भारत का ही हिस्सा थे, जब आस्था के आधार पर देश का विभाजन हुआ। हमसे अलग हुए देशों में जो अल्पसंख्यक यानि हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध पारसी और ईसाई, वहां रह गए थे उनको संरक्षण देना हमारा दायित्व है। बता दें कि पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत करते हुए कहा कि असम और उत्तर पूर्व के लोगों के साथ मेरा विशेष लगाव है। आपका स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। जितना अधिकार आपका मुझ पर है, उतना ही दायित्व मेरा भी आपके प्रति है।
लोगों को दी कई बड़ी सौगात
आपको बता दें कि पीएम मोदी ने इससे पहले कई बड़ी योजनाओं की आधारशिला रखी। साथ ही लोगों को कई बड़ी सौगातें दी। गुवाहाटी में प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर गैस ग्रिड की आधारशिला रखी, जो पूरे क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की अबाधित उपलब्धता सुनिश्चित करेगी और इससे औद्योगिक विकास में तेजी आएगी। यह ग्रिड सरकार की उस योजना का हिस्सा है जिसके तहत पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण गैस उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री कामरूप, सचर, हेलाकांडी और करीमगंज जिलों में सिटी गैस वितरण नेटवर्क की भी आधारशिला रखी। इससे घरों, उद्योगों और वाणिज्यिक इकाईयों में स्वच्छ ईंधन (पीएनजी) पहुंचाई जाएंगी। इसके अलावे प्रधानमंत्री असम के तिनसुकिया में होलोंग मॉड्यूलर गैस प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन किया। इससे असम में उत्पादित कुल गैस का 15 फीसदी गैस अधिक मिलेगी। प्रधानमंत्री नुमालीगढ़ में एनआरएल बायो रिफाइनरी और बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम एवं असम होते हुए बरौनी से गुवाहाटी तक 729 किलोमीटर गैस पाइपलाइन की भी आधारशिला रखी।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.
Updated on:
09 Feb 2019 04:46 pm
Published on:
09 Feb 2019 02:53 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
